NEET UG 2026: अगर आपने नीट यूजी की परीक्षा दी थी, तो यह खबर आपके काम की है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों को एक और मौका देते हुए बैंक डिटेल अपडेट करने की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। एनटीए ने नोटिस जारी कर बताया कि अब छात्र 31 जुलाई रात 11:50 बजे तक अपनी बैंक डिटेल्स ऑनलाइन भरकर जमा कर सकते हैं। बता दें इससे पहले इसकी आखिरी तारीख 14 जुलाई तय की गई थी।
क्यों मिल रहा है रिफंड
एनटीए के मुताबिक 3 मई 2026 को आयोजित हुई पहली परीक्षा में लगभग 22 लाख छात्र शामिल हुए थे, लेकिन पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया था। जिसके बाद 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी वजह से एनटीए 3 मई की परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों की परीक्षा फीस वापस करने का फैसला लिया है।
परीक्षा शुल्क का रिफंड भेजने की प्रक्रिया शुरू
बता दें कि एनटीए ने एक नोटिस जारी कर बताया कि 14 जुलाई तक 11,46,401 उम्मीदवारों ने अपने बैंक अकाउंट की डिटेल की जानकारी जमा की थीं। इन उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क का रिफंड भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसलिए जिन उम्मीदवारों ने अभी तक बैंक डिटेल अपडेट नहीं किया है, वे 31 जुलाई तक अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
कैसे अपडेट करें बैंक डिटेल्स
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
2. इसके बाद Final Opportunity to Confirm/Update Bank Account Details for NEET (UG) 2026 Fee Refund लिंक पर क्लिक करें।
3. अब अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड डालकर साइन इन करें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
4. इसके बाद 'Bank Account Details' वाले ऑप्शन पर जाएं।
5. अपना अकाउंट नंबर, बैंक का नाम, IFSC कोड और खाताधारक का नाम बिल्कुल सही-सही भरें।
6. आप चाहें तो अपने बैंक का एक 'कैंसिल्ड चेक' भी अपलोड कर सकते हैं।
7. सभी जानकारियों को दोबारा चेक करके फॉर्म सबमिट कर दें और कन्फर्मेशन पेज का प्रिंटआउट रख लें।
कब तक आएगा रिजल्ट
बता दें कि नीट यूजी परीक्षा का दोबारा 21 जून 2026 को आयोजन किया गया था, जिसमें 20 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। इस परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की 25 जून को जारी की गई थी, वहीं छात्रों को 28 जून तक आपत्ति दर्ज करने का मौका दिया गया था। हर आपत्ति के लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया था। वहीं अब छात्रों को फाइनल आंसर-की और रिजल्ट का इंतजार है। एजेंसी जल्द ही परिणाम घोषित कर सकती है।