Nushrratt Bharuccha Bali Accident : बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा को लेकर 3 अक्टूबर को एक चिंताजनक खबर सामने आई है। बाली में हुए हादसे के बाद उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। शुरुआती इलाज बाली में कराने के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया है। अब मुंबई में उनका आगे का इलाज और सर्जरी की तैयारी है। इस बीच अस्पताल पहुंचने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बाली में हुआ था हादसा
नुसरत भरूचा बाली में काम से जुड़े सफर पर गई थीं, जिसे बाद में उन्होंने छुट्टी के साथ भी जोड़ा था। इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ। उन्हें तुरंत बाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया और उनकी हालत पर नजर रखी।
एयर एंबुलेंस से मुंबई पहुंचीं
बाली में शुरुआती इलाज के बाद नुसरत को आगे के इलाज के लिए मुंबई लाने की व्यवस्था की गई। उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में डॉक्टर उनकी चोट की आगे जांच करने के बाद रीढ़ की सर्जरी करेंगे।
स्ट्रेचर पर दिखीं नुसरत
मुंबई पहुंचने के बाद नुसरत को एंबुलेंस से स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया। सामने आए वीडियो में वह स्ट्रेचर पर लेटी नजर आ रही हैं और उनके आसपास परिवार के लोग और दोस्त मौजूद हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
टीम ने मांगी निजता
नुसरत की टीम ने उनकी तबीयत को लेकर जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस समय अभिनेत्री की सेहत और जरूरी इलाज सबसे बड़ी प्राथमिकता है। टीम ने यह भी लोगों से उनकी और उनके परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की है, ताकि वह बिना किसी परेशानी के इलाज और आराम पर ध्यान दे सकें। हादसा कैसे हुआ, इसकी पूरी जानकारी टीम की ओर से साझा नहीं की गई है।
इसे भी पढ़ें : दोस्त को जाल में फंसा देख भड़का कुत्ता, डॉग कैचर पर कर दिया हमला, वीडियो वायरल
सर्जरी के बाद लेना होगा आराम
नुसरत को अब मुंबई में आगे का इलाज कराना है और उनकी रीढ़ की सर्जरी की योजना है। उनकी टीम के मुताबिक चोट की प्रकृति को देखते हुए उन्हें ठीक होने के लिए पर्याप्त आराम की जरूरत होगी। फिलहाल उनके आने वाले काम पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। नुसरत को प्यार का पंचनामा, सोनू के टीटू की स्वीटी और छोरी जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।