अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी Nvidia ने शेयर बाजार में ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया। कंपनी ने 5 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप पार कर लिया और इसी के साथ यह दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। एक ही दिन में कंपनी की वैल्यू में 200 बिलियन डॉलर से ज्यादा का उछाल आया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
दिग्गज कंपनियां रह गईं पीछे
इस उपलब्धि के साथ एनवीडिया ने कई बड़ी टेक कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। Apple, Microsoft, Amazon और Alphabet जैसी कंपनियां अब मार्केट वैल्यू में इससे नीचे हैं। यह बदलाव टेक दुनिया में शक्ति संतुलन के बदलते दौर को दिखाता है, जहां एआई आधारित कंपनियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
एआई की ताकत ने बदली तस्वीर
एनवीडिया की इस जबरदस्त छलांग के पीछे सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का तेजी से बढ़ता इस्तेमाल है। कंपनी के GPU चिप्स आज एआई मॉडल को ट्रेन करने और चलाने के लिए सबसे अहम माने जा रहे हैं। दुनिया भर की बड़ी कंपनियां अपने एआई प्रोजेक्ट्स के लिए एनवीडिया के चिप्स पर भारी निवेश कर रही हैं, जिससे इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें : Jewar Airport की कमान भारतीय हाथों में, नई जिम्मेदारी संभालते ही तेज होंगी तैयारियां
पूरे चिप सेक्टर में दिखा असर
एनवीडिया की सफलता का असर पूरे सेमीकंडक्टर सेक्टर पर भी देखने को मिला है। Intel, AMD और Qualcomm जैसी कंपनियों के शेयरों में भी तेज उछाल आया है। इससे साफ है कि एआई की मांग ने पूरे टेक उद्योग को नई रफ्तार दे दी है।
छोटे से शुरुआत से बड़ा साम्राज्य
एनवीडिया ने अपने सफर की शुरुआत वीडियो गेमिंग के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसर बनाने से की थी। धीरे-धीरे कंपनी ने डेटा सेंटर, क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। आज यह कंपनी केवल टेक नहीं, बल्कि भविष्य की डिजिटल दुनिया की रीढ़ बन चुकी है।
रिलायंस से कई गुना आगे
अगर भारतीय संदर्भ में तुलना करें तो Reliance Industries के मुकाबले एनवीडिया का मार्केट कैप करीब 26 गुना ज्यादा है। इसका मतलब यह है कि एक एनवीडिया की वैल्यू में लगभग 26 रिलायंस जैसी कंपनियां समा सकती हैं। यह अंतर बताता है कि ग्लोबल टेक कंपनियां किस तेजी से आगे बढ़ रही हैं और भविष्य में एआई का असर कितना बड़ा होने वाला है।