मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओडीओपी योजना को अगले स्तर पर ले जाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी 2.0 अब सिर्फ एक योजना नहीं रहेगी, बल्कि यूपी के पारंपरिक उद्योग, स्वरोजगार और निर्यात को नई उड़ान देने का बड़ा माध्यम बनेगी। वैश्विक बाजार तेजी से बदल रहा है, ऐसे में उत्पादों की क्वालिटी, पैकेजिंग, डिज़ाइन और तकनीक को नया रूप देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अब लक्ष्य यह है कि हर जिले का उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत पहचान बनाए और स्थायी रोजगार पैदा करे।
‘एक जनपद-एक व्यंजन’ से बढ़ेगी पहचान
बैठक में मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी पहल की घोषणा की एक जनपद-एक व्यंजन’ उन्होंने कहा कि हर जिले में एक खास खाद्य परंपरा है, जिसे संगठित पहचान देने का समय आ गया है. चाहे काशी का लंगड़ा, आगरा का पेठा या मुरादाबाद का दालमोठ हर जिले के व्यंजनों की मैपिंग कर उनकी स्वच्छता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग को मजबूत किया जाएगा। योगी ने कहा कि ओडीओपी और ओडीओसी मिलकर यूपी को नई सांस्कृतिक ताकत और वैश्विक बाजार में नई पहचान देंगे।
ये भी पढ़ें : आपका गैस सिलेंडर कहीं खतरा तो नहीं बन चुका? एक छोटा सा कोड बताता है इसकी असली उम्र!
ओडीओपी की उपलब्धियां बड़ी
ओडीओपी योजना 2018 से यूपी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी है। अब तक 1.25 लाख से ज्यादा कारीगरों को टूलकिट मिल चुकी है, 6 हजार करोड़ से अधिक का ऋण वितरित हुआ है और 8 हजार से ज्यादा उद्यमियों को मार्केटिंग सहायता दी गई है। 44 उत्पाद जियो-टैग हो चुके हैं और राज्य के कुल निर्यात में ओडीओपी उत्पादों का योगदान 50% से अधिक है। अब ओडीओपी 2.0 में फोकस उन उद्योगों को और मजबूत करना है, जिन्होंने पहले चरण में शानदार प्रदर्शन किया, ताकि वे ग्लोबल स्तर पर पैर जमा सकें।
बड़े बाजार से जोड़ा जाएगा यूपी का हर उत्पाद
योगी ने निर्देश दिया कि कॉमन फैसिलिटी सेंटरों को और प्रभावी बनाया जाए तथा उनमें विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि उद्यमियों को डिज़ाइन, पैकेजिंग, उत्पादन और मार्केटिंग की सुविधा एक ही जगह मिल सके। साथ ही देशभर में खुल रहे यूनिटी मॉल में ओडीओपी के विशेष केंद्र बनाए जाएंगे। बड़े रीटेल ब्रांडों से भी संपर्क किया जाएगा, ताकि यूपी के उत्पाद पूरे देश में प्रमुख रूप से दिखें। सरकार अब उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रमाणन दिलाकर उनकी ब्रांड वैल्यू भी बढ़ाने जा रही है।