Banarasi Saree Styling Ideas : दिवाली पर हर महिला चाहती है कि उसका लुक सबसे खूबसूरत और खास दिखे। इसके लिए अक्सर लोग नए कपड़े खरीदते हैं, लेकिन इस बार आप अपनी मां या दादी की पुरानी बनारसी साड़ी को नया रूप दे सकती हैं। बनारसी साड़ी की खासियत होती है उसकी खूबसूरत कढ़ाई, सुनहरी बुनाई और रॉयल लुक। अगर आपके घर में भी ऐसी कोई साड़ी रखी है जिसे अब कोई नहीं पहनता, तो उसे बाहर निकालने का समय आ गया है। थोड़ी सी स्टाइलिंग से आप इसे बिल्कुल नया बना सकती हैं।
बनारसी साड़ी से तैयार करें स्टाइलिश लहंगा
अगर आपकी पुरानी बनारसी साड़ी अच्छी हालत में है, तो उससे खूबसूरत लहंगा तैयार कराया जा सकता है। साड़ी के बॉर्डर और पल्लू का इस्तेमाल लहंगे के घेर में किया जा सकता है। इसके साथ मैचिंग या कंट्रास्ट रंग का ब्लाउज पहनें। दिवाली की पूजा से लेकर परिवार की पार्टी तक यह लुक आपको सबसे अलग दिखाएगा। इसके साथ हल्की जूलरी पहनकर अपने अंदाज को और खूबसूरत बना सकती हैं।
साड़ी के साथ पहनें मॉडर्न ब्लाउज
कई बार सिर्फ ब्लाउज बदलने से ही पुरानी साड़ी का पूरा लुक बदल जाता है। बनारसी साड़ी के साथ आप स्लीवलेस, पफ स्लीव्स या फुल स्लीव्स वाला ब्लाउज पहन सकती हैं। अगर साड़ी का रंग गहरा है, तो उसके साथ गोल्डन या कंट्रास्ट रंग का ब्लाउज अच्छा लगेगा। इस तरह आप बिना ज्यादा खर्च किए अपनी पुरानी साड़ी को नया और स्टाइलिश लुक दे सकती हैं।
बनारसी साड़ी से बनवाएं जैकेट और श्रग
इस दिवाली कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो पुरानी बनारसी साड़ी से जैकेट या श्रग बनवा सकती हैं। इसे प्लेन कुर्ती, टॉप या अनारकली सूट के साथ पहनें। खासकर साड़ी के पल्लू वाले हिस्से से तैयार जैकेट काफी खूबसूरत लग सकती है। यह स्टाइल उन महिलाओं के लिए अच्छा है जो पारंपरिक कपड़ों में थोड़ा मॉडर्न टच पसंद करती हैं।
दुपट्टे और स्कर्ट में भी दिखेगा रॉयल अंदाज
अगर साड़ी का कुछ हिस्सा खराब हो गया है, तो भी उसे बेकार समझकर न रखें। इसके अच्छे हिस्से से खूबसूरत दुपट्टा या लंबी स्कर्ट तैयार कराई जा सकती है। प्लेन कुर्ती के साथ बनारसी दुपट्टा पहनने से भी पूरा लुक बदल जाता है। वहीं, बनारसी स्कर्ट को सिंपल टॉप के साथ पहनकर दिवाली पार्टी के लिए शानदार आउटफिट तैयार किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : शूर्पणखा बनकर छाईं रकुल प्रीत सिंह, साई पल्लवी के लुक से होने लगी तुलना
सही जूलरी और हेयरस्टाइल से पूरा करें लुक
बनारसी साड़ी या उससे तैयार आउटफिट के साथ जूलरी का चुनाव भी खास होना चाहिए। गोल्डन झुमके, चूड़ियां, छोटी बिंदी और हल्का मेकअप आपके लुक को खूबसूरत बना सकते हैं। बालों में गजरा लगाकर जुड़ा बनाएं या खुले बालों के साथ हल्की वेव्स रखें। इस तरह मां या दादी की पुरानी बनारसी साड़ी को नया रूप देकर आप इस दिवाली खूबसूरत दिखने के साथ पुरानी यादों को भी अपने करीब रख सकती हैं।