
रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर बहन राखी बांधती है, जो भाई की लंबी उम्र और सुरक्षा का प्रतीक मानी जाती है. कई लोग इस राखी को पूरे साल तक पहनकर रखते हैं, लेकिन हर साल जब नई राखी बांधी जाती है, तो सवाल उठता है कि पुरानी राखी का क्या करें?
कब उतारें पुरानी राखी?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, पुरानी राखी को रक्षाबंधन के 24 घंटे के भीतर या जन्माष्टमी के दिन उतार देना चाहिए. यह इसलिए भी कहा जाता है क्योंकि इसके बाद पितृ पक्ष शुरू हो जाता है और उस समय राखी को पहनना शुभ नहीं माना जाता. हां, अगर राखी सोने या चांदी की हो तो उसे पूरे साल पहना जा सकता है.
कैसे करें विसर्जन?
पुरानी राखी को फेंकना नहीं चाहिए बल्कि उसका सम्मानपूर्वक विसर्जन करना चाहिए. आप इसे किसी बहते पानी, तालाब या नदी में बहा सकते हैं. अगर ऐसा संभव न हो, तो आप इसे किसी पेड़ के नीचे मिट्टी में दबाकर या लाल कपड़े में लपेटकर सुरक्षित स्थान पर रख सकते हैं. विसर्जन करते समय एक सिक्का भी साथ में रखें, इसे शुभ माना जाता है.
अगर राखी फट गई हो या टूट गई हो तो भी उसे इधर-उधर फेंकने की बजाय धार्मिक तरीके से नष्ट करना बेहतर होता है.आप चाहें तो राखी को किसी पौधे या पेड़ पर बांध भी सकते हैं. इससे उसका सम्मान बना रहता है और पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं होता. इस तरह आप धार्मिक परंपराओं को निभाते हुए पुरानी राखी का सही सम्मान कर सकते हैं.