होमगार्ड भर्ती परीक्षा के फिजिकल टेस्ट के दौरान कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में बड़ा हादसा हो गया। दौड़ लगा रहे नौ अभ्यर्थी गिर गए। इनमें शामली जिले के एक अभ्यर्थी की मौत हो गई, जबकि एक अभ्यर्थी वेंटिलेटर पर है। पांच अभ्यर्थियों का इलाज चल रहा है।
अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई
प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) मंगलवार से शुरू हुई। मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आयोजित शारीरिक परीक्षा के दौरान दौड़ लगाते समय कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। इससे अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए और हालत बिगड़ने पर नौ अभ्यर्थियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने शामली निवासी अंकुज मलिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि शामली का ही सचिन वेंटिलेटर पर है।
अभ्यर्थियों का इलाज चल रहा था
डॉक्टरों ने बताया, अंकुज को अचेत अवस्था में लाया गया था। सचिन कुमार निवासी गुर्जरपुर,थाना भीमजाना जिला शामली की हालत गंभीर है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पांच अन्य अभ्यर्थियों का इलाज चल रहा था। बाकी अभ्यर्थियों की छुट्टी दे दी गई है। अंकुज की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। सचिन के परिजन भी अस्पताल आ गए। परिजनों ने इस मामले की जांच की मांग की। उधर, पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिर इन अभ्यर्थियों की हालत कैसे बिगड़ी।