पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार तड़के एक पुलिस चौकी पर हुए हमले में कम से कम एक शख्स की मौत हो गई। वहीं दो पुलिसकर्मियों समेत तीन अन्य घायल हो गए। मीडिया ने यह जानकारी दी है।
इलाका पहाड़ी कोही सर क्षेत्र में पड़ता है
पुलिस और स्थानीय निवासियों के हवाले से पाकिस्तानी मीडिया ने बतया कि यह हमला रात करीब 2 बजे बाजौर जिले की बरंग तहसील में स्थित एक पुलिस चौकी पर हुआ। यह इलाका पहाड़ी कोही सर क्षेत्र में पड़ता है।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय स्थानीय निवासी नसीम गुल के रूप में हुई है। घायलों में 35 वर्षीय कांस्टेबल सुलेमान खान, 58 वर्षीय कांस्टेबल साज मोहम्मद और 28 वर्षीय साहिबजादा शामिल हैं, जो एक स्कूल में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं।
इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया
सभी घायलों को खार स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसरार खान के अनुसार, आतंकियों ने इस हमले को अंजाम देने के लिए भारी और हल्के दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया। हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च व क्लीयरेंस ऑपरेशन चलाया गया।
आतंकवादी हिंसा में तेज बढ़ोतरी दर्ज
इस्लामाबाद स्थित पाक इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में पाकिस्तान में आतंकवादी हिंसा में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान हमलों में 34 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि मौतों की संख्या में साल-दर-साल 21 प्रतिशत का इजाफा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में पूरे पाकिस्तान में कुल 699 आतंकी हमले हुए, जिनमें 1,034 लोगों की मौत हुई और 1,366 लोग घायल हुए।