दिन दहाड़े जुमे की नमाज के बाद कबाड़ी पर कई राउंड फायरिंग कर घायल करने वाले एक आरोपी ने बड़े ही नाटकीय ढंग से एसएसपी आफिस में सरेंडर कर दिया, जबकि आरोपी बाप-बेटे को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने आरोपी को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद पूछताछ शुरू कर दी है, क्योंकि आरोपी का पिता फरार है।
क्या था मामला
लोहिया नगर थाना क्षेत्र के इस्लामनगर निवासी 30 वर्षीय हारुन कबाड़ी का काम करते हैं। उनका 24 लाख रुपये को लेकर खल चूरी का काम करने वाले इरशाद से विवाद चल रहा है। शुक्रवार को हारुन का भाई सोनू इरशाद से अपने रुपये मांगने उसके घर गया था। इसी दौरान हारुन भी वहां पहुंच गया था। रुपये मांगने पर इरशाद ने हारुन पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। इसके बाद इरशाद के बेटे रवीश ने भी हारुन पर गोलियां बरसा दी थी। वारदात के बाद आरोपी बाप-बेटे भाग गए। हारुन के तीन गोलियां लगी हैं। वर्तमान में हारुन का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है। हारुन के परिजनों ने इरशाद, उसके बेटे रवीश और फिरोज पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
नाटकीय ढंग से एक आरोपी ने किया सरेंडर
हारुन पर हुए हमले के बाद आरोपी बाप-बेटे को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थी और शुक्रवार से ही पुलिस की तीनों टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस तो आरोपियों को तलाश नहीं कर पाई, लेकिन शनिवार को एक आरोपी रवीश बड़े ही नाटकीय ढंग से एसएसपी आफिस में सरेंडर करने पहुंच गया। उसने एक पत्र भी पुलिस आफिस में रिसीव कराया। इसके बाद एसएसपी ऑफिस में तैनात पुलिसकर्मियों ने रवीश को अपनी गिरफ्त में ले लिया और लोहिया नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। अब सवाल यह है कि रवीश और उसके पिता इरशाद को पकड़ने में लगी पुलिस की टीमों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्या रवीश को सरेंडर कराने के पीछे किसी का हाथ है? अधिकारी इसकी गोपनीय जांच करा रहे हैं। हालांकि मीडिया के सामने बेबाक होकर बोले आरोपी रवीश ने कहा, पैर में गोली लगने के डर से उसने सरेंडर किया है। इस पूरे मामले में उसके परिवार के अन्य किसी सदस्य का कोई दोष नहीं है। हथियार कहां से आए, इसकी जानकारी भी सही तरह से नहीं दे पाया।
पुलिस के दबाव में किया सरेंडर: एसएसपी
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया, पुलिस के दबाव में आरोपी रवीश ने खुद पुलिस ऑफिस पहुंचकर सरेंडर किया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फरार आरोपी इरशाद की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। इस वारदात की कड़ी से कड़ी जोड़ी जाएगी और आरोपियों को हथियार मुहैया कराने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।