मेरठ। आबादी के बीच बन रहे मौत के सामान के कारखाने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 60 किलो बारूद बरामद किया है। साथ ही मशीनें भी बरामद की है, जिनकी मदद से आतीशबाजी का सामाना बनाया जा रहा था। कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के आदेश पर पूरे जिले में पुलिस अवैध रूप से आतिशबाजी बनाने वाले और अवैध भंडारण करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार आधी रात के बाद पुलिस ने अभियान चलाया। इसी दौरान लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी दलवीर सिंह को सूचना मिली थी कि ढलाई वाली गली रशीद नगर में एक घर के अंदर अवैध रूप से आतिशबाजी बनाने का कारखाना चल रहा है।
तत्काल थाना प्रभारी ने टीम गठित की, जिसमें एसएसआई संजय कुमार द्विवेदी, एसआई अभय यादव, एसआई सुनील राठौर, एसआई विकास कौशिक और कांस्टेबल नीरज को शामिल किया। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त घर में दबिश दी तो पुलिस को मौके से 60 किलो बारूद और आतिशबाजी बनाने का सामान मिला। इसके बाद पुलिस ने कय्यूम अली को गिरफ्तार कर लिया।
थना प्रभारी ने बताया, क्यूम के घर से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के रासायनिक, विस्फोटक पदार्थ, अवैध फ्यूज एवं पटाखा निर्माण में प्रयुक्त मशीनें व अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपी काफी समय से चोरी छिपे आतिशबाजी बनाने का काम कर रहा था। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेजा गया है।