Bulandshahr News: बुलंदशहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 4 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे की है।
बताया गया कि थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव हजरतपुर समसपुर निवासी मुकेश कुमार के दोनों बेटे हिमांशु और तुषार अपने दोस्त हर्ष के साथ मोटरसाइकिल से बुलंदशहर नुमाइश देखने जा रहे थे। जैसे ही वे बुलंदशहर-औरंगाबाद रोड से गांव धमेडा कीरत जाने वाले मार्ग पर पुराने गैस गोदाम के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही ब्रेजा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हालत पूरी तरह ठीक नहीं बताई जा रही
हादसे में हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हर्ष और तुषार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल बुलंदशहर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। हर्ष को भर्ती किया गया, जबकि तुषार को बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। तुषार का इलाज अभी भी जारी है और उसकी हालत पूरी तरह ठीक नहीं बताई जा रही है।
चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी
घटना के चश्मदीद नैन सिंह और मुकेश कुमार (निवासी ग्राम उटरावली) ने बताया कि वे भी उसी समय मोटरसाइकिल से नुमाइश देखने जा रहे थे और हादसे को अपनी आंखों से देखा।
मृतक के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि बेटे की मौत और दूसरे बेटे के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। बाद में समय मिलने पर उन्होंने थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।