OneTag FASTag : देश में फास्टैग इस्तेमाल करने वाले करोड़ों वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब अगर किसी वाहन मालिक को अपने फास्टैग से जुड़ा बैंक बदलना है, तो उसे नया फास्टैग खरीदने या पुराना स्टिकर हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। केंद्र सरकार ने ‘वनटैग’ सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए मौजूदा फास्टैग को एक बैंक से दूसरे बैंक में पोर्ट किया जा सकेगा।
क्या है वनटैग सुविधा?
वनटैग को फास्टैग पोर्टेबिलिटी सिस्टम के तौर पर पेश किया गया है। यह व्यवस्था मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी की तरह काम करेगी। यानी वाहन पर लगा वही फास्टैग स्टिकर बना रहेगा, सिर्फ उससे जुड़ा बैंक बदल जाएगा। इस सुविधा का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया है।
पहले क्या थी परेशानी?
अब तक यदि कोई व्यक्ति फास्टैग जारी करने वाला बैंक बदलना चाहता था, तो उसे पुराना फास्टैग बंद कराकर नया टैग लेना पड़ता था। इसके लिए वाहन की विंडशील्ड से पुराना स्टिकर हटाकर नया लगाना पड़ता था। इस प्रक्रिया में समय और अतिरिक्त खर्च दोनों लगते थे। नई व्यवस्था के बाद यह झंझट खत्म होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Harish Rawat के इस्तीफे के दांव से बदलेगा खेल या Dhami को मिलेगा बड़ा मौका, पढ़ें एक क्लिक में
ऐसे कर सकेंगे फास्टैग पोर्ट
फास्टैग पोर्ट करने के लिए वाहन मालिक को राजमार्ग यात्रा ऐप का इस्तेमाल करना होगा। ऐप में वनटैग विकल्प चुनकर मौजूदा फास्टैग की जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद नए बैंक का चयन कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर वही फास्टैग नए बैंक खाते से जुड़ जाएगा और पहले की तरह काम करता रहेगा।
किन बैंकों को मिलेगा फायदा?
वनटैग प्रणाली से कई बड़े बैंक जुड़ चुके हैं। इनमें भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एयरटेल पेमेंट बैंक जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। आने वाले समय में अन्य बैंकों के भी इस व्यवस्था से जुड़ने की संभावना है, जिससे वाहन मालिकों को और अधिक विकल्प मिल सकेंगे।
डिजिटल टोलिंग की दिशा में बड़ा कदम
सरकार लगातार टोल व्यवस्था को अधिक डिजिटल और सुविधाजनक बनाने पर काम कर रही है। हाल ही में बैरियर-फ्री टोलिंग और मल्टी-लेन फ्री फ्लो प्रणाली की भी घोषणा की गई थी। ऐसे में वनटैग सुविधा को डिजिटल टोलिंग सिस्टम को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे वाहन चालकों को बेहतर सेवा, अधिक विकल्प और कम परेशानी का लाभ मिलेगा।