Online Grocery Shopping Safety : ऑनलाइन किराना खरीदना आज लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। कुछ ही मिनटों में दूध, फल, सब्जियां और पैक्ड सामान घर पहुंच जाता है। लेकिन मुंबई के मालाड वेस्ट स्थित ब्लिंकिट के एक स्टोर पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई ने ऑनलाइन ग्रॉसरी की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के दौरान कथित तौर पर कॉकरोच और खराब स्वच्छता जैसी कमियां सामने आईं, जिसके बाद स्टोर का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया।
ऑनलाइन सामान खरीदते समय क्यों बरतें सावधानी
ऑनलाइन खरीदारी में ग्राहक सामान को खरीदने से पहले खुद देखकर जांच नहीं कर पाता। खासकर फल, सब्जियां, दूध, दही, अंडे और अन्य जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों में ताजगी और सही भंडारण बेहद जरूरी है। खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई भी ऑनलाइन खाद्य कारोबार से जुड़े भंडारण, स्वच्छता और लाइसेंस संबंधी नियमों के पालन पर जोर देता रहा है।
ऑनलाइन क्या खरीदना आसान है?
ऑनलाइन किराना ऐप से बंद पैकेट वाले और लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाले सामान खरीदना अपेक्षाकृत सुविधाजनक हो सकता है। जैसे चावल, दाल, आटा, नमक, चीनी, साबुन, डिटर्जेंट, पैक्ड स्नैक्स और सीलबंद मसाले। हालांकि पैकेट लेते समय उसकी समाप्ति तिथि, पैकिंग की स्थिति और सील जरूर देखें।
किन चीजों में ज्यादा सावधानी जरूरी
दूध, दही, पनीर, मांस, मछली, अंडे, कटे फल और ताजी सब्जियों जैसे जल्दी खराब होने वाले सामान में ज्यादा सतर्क रहें। सामान मिलने के बाद पैकेट फूला हुआ, लीक या क्षतिग्रस्त हो तो उसे इस्तेमाल न करें। फल और सब्जियों में सड़न, फफूंदी, असामान्य गंध या कीड़े दिखाई दें तो तुरंत शिकायत करें।
सामान मिलने के बाद भी करें जांच
सिर्फ ऐप पर दिखने वाली तस्वीर या कीमत देखकर सामान न मंगाएं। डिलीवरी मिलने के बाद पैकिंग, मात्रा, समाप्ति तिथि और उत्पाद की स्थिति जांच लें। खराब सामान मिलने पर उसकी तस्वीर या वीडियो सुरक्षित रखना शिकायत के दौरान काम आ सकता है।
इसे भी पढ़ें : आजादी के जश्न में दिखना है सबसे अलग, बॉलीवुड हसीनाओं के ये देसी लुक आएंगे काम
सुविधा के साथ सुरक्षा भी जरूरी
ब्लिंकिट पर हुई कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि ऑनलाइन खरीदा गया हर खाद्य उत्पाद असुरक्षित है। लेकिन यह घटना बताती है कि तेजी से डिलीवरी के साथ खाद्य सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ग्राहक भी जागरूक रहें और खराब या संदिग्ध सामान मिलने पर शिकायत जरूर दर्ज कराएं।