
Old Man Online love: महाराष्ट्र के मुंबई में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ ऑनलाइन फ्रॉड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अप्रैल 2023 में फेसबुक पर ‘शार्वी’ नाम की महिला से बातचीत की शुरुआत हुई, जो बाद में भरोसे और नजदीकियों में बदल गई। महिला ने खुद को तलाकशुदा और दो बच्चों की मां बताते हुए आर्थिक तंगी का हवाला देकर कई बार मदद मांगी। धीरे-धीरे अलग-अलग नामों से अन्य महिलाएं भी बातचीत में शामिल हुईं, जिनमें से हर एक ने बीमारी, अस्पताल का बिल या अन्य कारण बताकर पैसे ऐंठे। इस दौरान बुजुर्ग ने 734 बार पैसों का ट्रांसफर किया, जिसकी कुल रकम करीब 8.7 करोड़ रुपये थी।
बेटे-बहू से भी उधार लिए रुपये
जब बैंक बैलेंस खत्म हो गया तो बुजुर्ग ने बहू से 2 लाख और बेटे से 5 लाख रुपये उधार लिए। बेटे को शक हुआ और पूछताछ में पूरी कहानी उजागर हो गई। सच सामने आने के बाद बुजुर्ग सदमे में चले गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जांच में डॉक्टरों ने उन्हें डिमेंशिया का मरीज बताया, जिसमें याददाश्त और समझने की क्षमता धीरे-धीरे कम हो जाती है।
यह भी पढ़ेंःRailways canceled trains: रक्षाबंधन से पहले झटका, रेलवे ने रद्द की 24 से ज्यादा ट्रेनें, यात्री रहें सावधान
पुलिस को शक, सभी ठग हो सकता है एक ही व्यक्ति
बुजुर्ग ने 22 जुलाई 2025 को साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद 6 अगस्त को एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस की जांच में चार महिलाओं के नाम सामने आए हैं, लेकिन आशंका है कि ये सभी पहचानें एक ही ठग की हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और लोगों को सोशल मीडिया पर अजनबियों से संबंध बनाने में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।