ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकियों में खौफ साफ झलक रहा है। यही घबराहट उन्हें बम विस्फोट जैसी घिनौनी हरकतों के लिए उकसा रही है। यह बात भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को दौराला कस्बा निवासी निखिल अहलावत की सगाई समारोह में कही।
दोषियों को सख्त सजा मिलेगी
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। जिसके बाद से आतंकी संगठन डर से उबर नहीं पा रहे। अब वे कायराना वारदातों के जरिए अपनी नीच सोच का परिचय दे रहे हैं, लेकिन भारत चुप बैठने वाला नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हैं और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय पहलवानों का डंका बज रहा
अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ की बागडोर संभालने से पहले खिलाड़ी दबाव में रहते थे। जिससे प्रदर्शन प्रभावित होता था। उन्होंने आते ही खिलाड़ियों के मन का डर और दबाव खत्म किया। नतीजा यह हुआ कि आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय पहलवानों का डंका बज रहा है। गांव-देहात से नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं और खिलाड़ी देश के लिए लगातार पदक जीत रहे हैं। समारोह में पहुंचने पर गजेंद्र पहलवान, देवेंद्र पाल सिंह आदि ने बुके भेंट कर बृजभूषण सिंह का स्वागत किया।