
भारत के वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने पहली बार ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने इसे हाल के सालों की सबसे बड़ी और सबसे अहम सैन्य कार्रवाई बताया. वायुसेना प्रमुख ने साफ कहा कि इस ऑपरेशन ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी और दुनिया के सामने भारत की मजबूत वायु रक्षा प्रणाली और तीनों सेनाओं के शानदार तालमेल को साबित कर दिया.
दुश्मन के क्षेत्र में 300 KM तक प्रहार
एयर चीफ ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के कम से कम 5 लड़ाकू विमान गिराए, जिनमें एफ-16 और जेएफ-17 जैसे आधुनिक विमान शामिल थे. यही नहीं, भारत की कार्रवाई से पाकिस्तान के कई अहम ठिकानों पर भारी नुकसान हुआ. चार जगहों पर रडार, दो जगहों पर कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, दो रनवे और तीन एयरबेस के हैंगर तबाह हो गए. इतना ही नहीं, पाकिस्तान की एक एसएएम मिसाइल प्रणाली भी ध्वस्त कर दी गई. वायुसेना प्रमुख ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के इलाके में 300 किलोमीटर भीतर तक प्रहार किया। इतनी लंबी दूरी पर हमला करने का यह पहला मौका था. उन्होंने कहा कि हमारी एयर डिफेंस प्रणाली ने पूरी तस्वीर बदल दी और पाकिस्तान की गतिविधियां ठप हो गईं.
इसे भी पढ़ें : मासूमों के सामने पिता का बेरहमी से मर्डर, तीन संदिग्ध गिरफ्तार, पढ़ें दिल दहलाने वाली घटना !
क्यों बना ऑपरेशन सिंदूर ऐतिहासिक?
एयर चीफ अमर प्रीत सिंह के मुताबिक, यह लड़ाई बेहद स्पष्ट उद्देश्य के साथ लड़ी गई थी और जैसे ही लक्ष्य हासिल हुआ, भारत ने खुद इसे खत्म करने का फैसला लिया. उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान को उस स्थिति में ला दिया कि वो खुद युद्धविराम की मांग करे. यही हमारी सबसे बड़ी जीत थी. वायुसेना प्रमुख ने कहा कि आज दुनिया में कई युद्ध सालों से चल रहे हैं और उनके खत्म होने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही लेकिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को एक तेज़, निर्णायक और सटीक रणनीति से अंजाम दिया. उन्होंने गर्व से कहा कि यह इतिहास में दर्ज होगा कि भारत ने सैकड़ों किलोमीटर भीतर तक जाकर पाकिस्तान को झुकने पर मजबूर किया. दुनिया को हमसे सीखने की जरूरत है.