Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा सिर्फ भारत या पाकिस्तान में ही नहीं, बल्कि दुनिया भारत की जांबाज सेना की तारीफ कर रही है. ऐसे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को भुज एयरबेस से साफ तौर पर मैसेज दिया है. जिसमें उन्होने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है. ये तो सिर्फ ट्रेलर था, पूरी पिक्चर अभी बाकी है. भारतीय सेना पूरी पिक्चर दिखाकर ही चुप बैठेगी.. इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एयर फोर्स की जमकर तारीफ की.
क्या बोले रक्षामंत्री?
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भुज में कहा, ''यह कोई छोटी बात नहीं है कि हमारी एयरफोर्स की पहुँच पाकिस्तान के हर कोने तक है, यह बात पूरी तरह साबित हो चुकी है. आज स्थिति यह है कि भारत के फाइटर प्लेन बिना सरहद पार किए ही, यहीं से उनके हर कोने तक प्रहार करने में सक्षम है. पूरी दुनिया ने देख लिया है कि कैसे आपने पाकिस्तान की धरती पर मौजूद, आतंकवाद के नौ ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, बाद में की गई कारवाई में उनके अनेक एयरबेस तबाह कर दिए.''
दिन में दिखाए तारे
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भुज एयरबेस पर मजाकिया अंदाज में कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को दिन में तारे दिखाने का काम किया है. उन्होंने कहा, ''ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत को तो पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया है. हमारे देश में एक कहावत काफी पुरानी है और वह है - दिन में तारे दिखाना. मगर भारत मे बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान को रात के अंधेरे में दिन का उजाला दिखा दिया है. भारत के जिस एयर डिफेंस सिस्टम की तारीफ हर तरफ हो रही है, उसमें DRDO द्वारा बनाये गए ‘आकाश’ और अन्य राडार सिस्टम की जबरदस्त भूमिका रही है.''