पीलीभीत में ईसीआईनेट पोर्टल पर लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग की शिकायत के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेशभर में मतदाता पंजीकरण केंद्रों के कंप्यूटर सहायकों की आईडी तत्काल निष्क्रिय कराने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में तैनात ऑपरेटर अब अपनी आईडी से पोर्टल पर कोई गतिविधि नहीं कर सकेंगे।
विधानसभा क्षेत्र में यह कार्रवाई सुनिश्चित कराएं
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में यह कार्रवाई सुनिश्चित कराएं। आईडी निष्क्रिय होने के बाद संबंधित ईआरओ से इसकी पुष्टि भी प्राप्त करनी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं कार्रवाई का सत्यापन कर अनुपालन रिपोर्ट तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजेंगे।
निर्देश संबंधित फर्म को दिया गया है
निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत के मामले में संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की सेवा समाप्त करने का निर्देश संबंधित फर्म को दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची से जुड़े कामकाज में पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए निर्देशों का तत्काल पालन करना होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।