.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D7ce575ce-0a67-47f4-8446-f44a6e40ad39&w=3840&q=75)
Orange alert In UP: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने 9 जिलों — गौतम बुद्ध नगर, हापुड़, अमरोहा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर और मुजफ्फरनगर — के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा, राज्य के 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें मौसम में अचानक बदलाव और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
कानपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं
येलो अलर्ट वाले जिलों में गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, हाथरस, मथुरा, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, देवरिया, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल, सहारनपुर, शामली समेत अन्य जिले शामिल हैं। कानपुर में आज सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही, जो दोपहर तक जारी रही। रात का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और देर रात बारिश की 52% संभावना है। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं करीब 8 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी, जिससे मौसम सुहावना लेकिन नमी भरा रहेगा। 10 अगस्त को शहर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 27 डिग्री रहने के साथ सुबह से बादल छाए रहेंगे और दिन व रात में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
17 अगस्त तक बरसात का दौर जारी रहेगा
कानपुर में 11 अगस्त को 60% बारिश की संभावना है, जबकि 12 अगस्त को 53% और 13 अगस्त को 70% बारिश हो सकती है। 14 अगस्त को 60%, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर 70%, 16 अगस्त को 60% और 17 अगस्त को 50% वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाएं लगातार सक्रिय रहेंगी, जो मौसम में नमी बनाए रखेंगी। मौसम विभाग ने लोगों से बिजली गिरने के दौरान खुले में खड़े न रहने और सतर्क रहने की अपील की है।