आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। प्लेऑफ की लड़ाई के साथ-साथ ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस भी बेहद दिलचस्प हो गई है। हर मैच के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग बदल रही है। इस बीच युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इस रेस में बड़ा धमाका कर दिया है। अब उनके पास सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल करने का शानदार मौका है।
वैभव के सामने 7 बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी ने 12 मैचों में 486 रन बनाए हैं और वह फिलहाल ऑरेंज कैप की सूची में आठवें स्थान पर मौजूद हैं। उनसे आगे ईशान किशन 490 रन, अभिषेक शर्मा 507 रन, केएल राहुल 533 रन, विराट कोहली 542 रन, शुभमन गिल 552 रन, साई सुदर्शन 554 रन और हेनरिक क्लासेन 555 रन के साथ हैं। यानी वैभव और क्लासेन के बीच सिर्फ 69 रन का अंतर बचा हुआ है।
70 रन और बदल जाएगी तस्वीर
अगर वैभव सूर्यवंशी लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में 70 रन बना लेते हैं तो वह एक साथ कई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ सकते हैं। ऐसा होते ही वह सीधे ऑरेंज कैप की रेस में सबसे ऊपर पहुंच सकते हैं। जिस तरह की फॉर्म में वैभव दिख रहे हैं, उससे फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद भी है।
क्लासेन के सिर सजी टोपी
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन ने चेन्नई के खिलाफ 47 रन की पारी खेलकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। क्लासेन इस सीजन शानदार लय में दिखे हैं और लगातार रन बना रहे हैं। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में आकर कई बार टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला है।
पर्पल कैप पर भुवी का कब्जा
जहां ऑरेंज कैप की लड़ाई बेहद कड़ी है वहीं पर्पल कैप की तस्वीर काफी शांत दिखाई दे रही है। आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 13 मैचों में 24 विकेट लेकर सबसे ऊपर बने हुए हैं। उनकी गेंदबाजी ने इस सीजन कई मैचों में टीम को जीत दिलाई है।
इसे भी पढ़ें : चेपॉक में भिड़ गए Klaasen और Sanju, वायरल दावे ने मचाई हलचल, क्या LIVE मैच में थूका था, पढ़ें
रबाडा दे रहे चुनौती
भुवनेश्वर कुमार के बाद गुजरात के कैगिसो रबाडा 21 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं। वहीं चेन्नई के अंशुल कंबोज भी 20 विकेट लेकर रेस में बने हुए हैं। हालांकि फिलहाल पर्पल कैप की दौड़ में भुवी की बढ़त बाकी गेंदबाजों पर भारी पड़ती नजर आ रही है।