DU UG Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (UG) दाखिले को लेकर छात्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यूनिवर्सिटी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1,42,733 से अधिक उम्मीदवार कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के पहले चरण में अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। वहीं, दूसरे चरण की शुरुआत होते ही 43,547 से ज्यादा छात्रों ने अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स भी चुन लिए हैं।
कॉलेज और कोर्स चुनने की आखिरी तारीख
CSAS का दूसरा चरण शुरू हो चुका है, इस चरण में उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुनने का मौका दिया जा रहा है। छात्र 11 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स चुन सकते हैं। बता दें, कॉलेज चुनने से पहले छात्रों को अपनी कक्षा 12वीं के विषयों का मिलान CUET UG के विषयों से करना होगा, इसके बाद ही चॉइस लॉक हो पाएगी।
71 हजार से ज्यादा सीटों पर होगा एडमिशन
आपको बता दें कि इस साल दिल्ली यूनिवर्सिटी के 67 कॉलेजों की 71 हजार से अधिक सीटों पर एडमिशन होना है। छात्र 73 यूजी कोर्स और 100 से ज्यादा बीए प्रोग्राम कॉम्बिनेशन में से अपनी पसंद चुन सकते हैं। सभी दाखिले CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर होंगे। हालांकि हर कोर्स के लिए तय पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी रहेगा।
पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट
यूनिवर्सिटी पहले उम्मीदवारों को उनकी संभावित स्थिति दिखाने के लिए 12 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे सिम्युलेटेड रैंक जारी करेगा। इसके बाद 13 जुलाई को छात्रों को प्राथमिकताओं में बदलाव का मौका दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी अपनी पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट 16 जुलाई को जारी करेगी, जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें 18 जुलाई तक उसे स्वीकार करना होगा। इसके बाद संबंधित कॉलेज में 20 जुलाई तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराना होगा। पहले राउंड की एडमिशन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 21 जुलाई तय की गई है।
यह भी पढ़ें: NEET विवाद पर समय रैना का मजाकिया तंज, मेडिकल स्टूडेंट से कही ऐसी बात कि वायरल हुआ वीडियो
दूसरी सीट अलॉटमेंट लिस्ट
वहीं दूसरी सीट अलॉटमेंट लिस्ट 25 जुलाई को जारी किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिलेगी, उन्हें 26 जुलाई तक उसे स्वीकार करना होगा। इसके बाद कॉलेज में 27 जुलाई तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराना होगा। बता दें, दूसरे राउंड की एडमिशन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 28 जुलाई तय की गई है।
28 जुलाई से शुरू होगा नया सेशन
DU में नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई 2026 से शुरू हो जाएगा। एडमिशन प्रक्रिया को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए इस बार 'API Setu' का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे छात्रों की मूल जानकारी अपने आप पोर्टल पर आ जाएगी और गलतियां न के बराबर होंगी।