Maruti Brezza Sale: भारतीय कार बाजार में मारुति सुजुकी की पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV ब्रेजा ने एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। इस गाड़ी की कुल बिक्रि 15 लाख यूनिट्स से ज्यादा हो गई है। खास बात यह है कि इसी साल जुलाई में आए इसके नए अपडेटेड मॉडल को भी ग्राहकों का जबरदस्त प्यार मिला है। इसे 1 लाख से अधिक बुकिंग मिल चुकी है। बता दें, साल 2016 में जब यह गाड़ी पहली बार विटारा ब्रेजा के नाम से लॉन्च हुई थी, तभी से यह भारतीय ग्राहकों की पसंदीदा गाड़ियों में शामिल है। तो आइए विस्तार से इस एसयूवी की खासियत के बारे में जानते हैं।
15 लाख बिक्री का आंकड़ा पार
Maruti Suzuki Brezza ने करीब एक दशक के सफर में यह उपलब्धि हासिल की है। जुलाई 2026 तक इसकी कुल बिक्री 15,14,717 यूनिट तक पहुंच चुकी थी। इसमें भारत में बिक्री 14,61,889 यूनिट्स के साथ-साथ विदेशों में निर्यात की गई 52,828 यूनिट्स भी शामिल हैं। 15 लाख का आंकड़ा केवल घरेलू बिक्री का नहीं, बल्कि कुल बिक्री का है। कंपनी ने समय के साथ इसमें लगातार नए फीचर्स और बदलाव किए, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है।
कितना दमदार इंजन
नई ब्रेजा में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। इसमें नया 1.0 लीटर बूस्टरजेट टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो करीब 110 bhp की पावर और 170 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है। इसके अलावा 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक के साथ सीएनजी का विकल्प भी मिलता है। सीएनजी वेरिएंट में अंडरबॉडी टैंक दिया गया है, जिससे डिक्की में ज्यादा सामान रखने की जगह मिलती है। जुलाई 2026 में अपडेटेड Brezza की शुरुआती कीमत करीब 7.40 लाख रुपये रखी गई थी।
यह भी पढ़ें: गया डीजल ट्रकों का जमाना! EIM लॉन्च करेगा दो नए हैवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक ट्रक, जानिए रेंज और फीचर्स
एक लाख बुकिंग का क्या मतलब है
नए मॉडल को एक लाख से ज्यादा बुकिंग मिलने का मतलब है कि ग्राहकों के बीच इस गाड़ी का क्रेज काफी ज्यादा है। हालांकि ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में बुकिंग और वास्तविक बिक्री में फर्क होता है। क्योंकि सभी बुकिंग तुरंत डिलीवरी में नहीं बदलतीं। ज्यादा मांग के बीच कंपनी के लिए उत्पादन बढ़ाना और ग्राहकों को समय पर गाड़ी देना भी जरूरी होगा।
इन गाड़ियों से सीधा मुकाबला
बाजार में इसका मुकाबला टाटा नेक्सन, हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट और महिंद्रा XUV 3XO जैसी गाड़ियों से है। अब यह देखना होगा कि नया मॉडल आने वाले महीनों में अपनी बुकिंग को कितनी तेजी से डिलीवरी और बिक्री में बदल पाता है।