NEET PG 2026: नीट पीजी की काउंसलिंग का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने सत्र 2026-27 के लिए नया सीट मैट्रिक्स जारी कर दिया है। इस बार एमडी-एमएस और अन्य पीजी मेडिकल प्रोग्राम में कुल सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 58,000 हो गई है। पिछले साल कुल सीटें 52,173 थीं। इस बार सीटों में करीब 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्राइवेट और सरकारी कॉलेजों में कितना हुआ इजाफा
सीटों में यह बढ़ोतरी सरकारी, प्राइवेट और डीम्ड तीनों तरह के मेडिकल संस्थानों में हुई है। प्राइवेट और डीम्ड यूनिवर्सिटी के सीटों में सबसे बड़ा उछाल देखा गया है, यहां करबी 32% सीटें बढ़ी हैं। वहीं सरकारी संस्थानों में सीटों की संख्या में लगभग 10% का इजाफा हुआ है।
प्रमुख विषयों में उपलब्ध सरकारी सीटें
एनेस्थीसिया, ईएनटी (ENT), पैथोलॉजी, साइकियाट्री, आई (ऑप्थेल्मोलॉजी) और रेस्पिरेटरी मेडिसिन जैसे प्रमुख विभागों में सीटें बढ़ाई गई हैं।
सरकारी कॉलेजों में मुख्य विषयों का सीट विवरण
एनेस्थिसियोलॉजी: 3,205 सीटें
जनरल मेडिसिन: 3,201 सीटें
जनरल सर्जरी: 2,805 सीटें
गायनेकोलॉजी (OBG): 2,635 सीटें
पीडियाट्रिक्स (बाल रोग): 2,176 सीटें
पैथोलॉजी: 1,833 सीटें
ऑर्थोपेडिक्स: 1,603 सीटें
ऑप्थेल्मोलॉजी (आंख): 1,223 सीटें
कम्युनिटी मेडिसिन: 1,192 सीटें
रेडियो डायग्नोसिस: 1,182 सीटें
सीटों की संख्या में हो सकता है बदलाव
NMC ने स्पष्ट किया है कि यह सीट मैट्रिक्स अंतिम नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर इसमें बदलाव किए जा सकते हैं। जिन नए पीजी कोर्स या सीट विस्तार के आवेदनों को बाद में मंजूरी मिलेगी, उन्हें अपडेटेड लिस्ट में जोड़ दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी मेडिकल कॉलेज को निर्देश दिया गया है कि एडमिशन केवल स्वीकृत सीटों की संख्या के आधार पर ही किया जाए। काउंसलिंग के दौरान सीट मैट्रिक्स में कोई गड़बड़ी मिलने पर मामला मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) के पास भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: BPSC TRE-4: बिहार शिक्षक भर्ती में 932 नए पद जुड़े, जाने किस क्लास के लिए कितनी बढ़ी सीटें
PwBD के लिए 1 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया
आपको बता दें कि दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए राउंड-1 की काउंसलिंग और मेडिकल असेसमेंट की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो रही है। उम्मीदवार एमसीसी की वेबसाइट mcc.nic.in के जरिए रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग कर सकेंगे। प्राथमिक मेडिकल असेसमेंट बोर्ड की प्रक्रिया भी 1 अक्टूबर शाम 5 बजे से 9 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं अपील के लिए 5 अक्टूबर सुबह 10 बजे से 12 अक्टूबर शाम 5 बजे तक अपीलीय मेडिकल बोर्ड असेसमेंट बोर्ड उपलब्ध रहेगा।