पावर लूम मशीन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। साथ में काम कर रहे मजदूर के शोर की आवाज सुनकर परिवार व आसपास के लोग पहुंचे और मशीन को बंद किया। हादसे की सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी। पुलिस ने जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है।
इस्लामुद्दीन का पावरलूम का कारखाना
लोहिया नगर थाना क्षेत्र के जाहिदपुर गांव स्थित आमना मस्जिद वाली गली जीनत गार्डन कॉलोनी में इस्लामुद्दीन का पावरलूम का कारखाना है। बुधवार को कारखाने में काम करते समय मशीन की चपेट में आने से आशियाना कॉलोनी निवासी युवक अकरम की मौके पर ही मौत हो गई। अकरम पिछले करीब आठ महीने से अपने बहनोई इस्लामुद्दीन की पावरलूम फैक्ट्री में काम कर रहा था।
पावरलूम मशीन पर काम कर रहा था
बुधवार देर शाम वह पावरलूम मशीन पर काम कर रहा था, तभी अचानक उसकी चपेट में आ गया। हादसे की सूचना साथ में काम कर रहे मजदूर साकिब ने परिवार के लोगों को दी। शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।