Pak gangster issues open threat: कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को पाकिस्तान के गैंगस्टर और आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी ने जान से मारने की धमकी दे डाली है। भट्टी ने एक वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि चाहे दोनों भाई कितनी भी सुरक्षा में रहें, वह उन्हें नहीं छोड़ेगा। यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में पटियाला हाउस कोर्ट में अनमोल बिश्नोई ने खुलकर कहा था कि उसकी जान को शहजाद भट्टी से गंभीर खतरा है। इस धमकी के बाद दोनों गैंगस्टरों के गिरोहों के बीच पुरानी दुश्मनी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।
भट्टी का अतीत और गैंग वॉर की जड़ें
शहजाद भट्टी मूल रूप से पाकिस्तान का रहने वाला है और वर्तमान में दुबई में अपने नेटवर्क को संचालित करता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, भट्टी अब आतंकवादी गतिविधियों में भी सक्रिय हो चुका है और भारत में हथियार व ग्रेनेड सप्लाई कराने में उसकी बड़ी भूमिका है। दिलचस्प बात यह है कि एक समय वह लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी था, लेकिन पहलगाम हमले के बाद लॉरेंस की ओर से हाफिज सईद पर की गई टिप्पणी ने दोनों के बीच कड़वाहट पैदा कर दी। इसके बाद भट्टी ने लॉरेंस के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया और कई मामलों में सक्रिय रूप से दुश्मन गैंगों की मदद भी की।
वायरल कॉल से धमकी तक बढ़ी रंजिश
भट्टी और लॉरेंस के बीच ईद मुबारक को लेकर एक पुरानी वीडियो कॉल वायरल हो चुकी थी, जिसमें दोनों एक-दूसरे को भाई कहते नजर आए थे। लेकिन हाल के महीनों में घटनाओं ने इस रिश्ते को पूरी तरह बदल दिया है। गिरफ्तार शूटर जीशान अख्तर ने एक वीडियो में बताया था कि बाबा सिद्दीकी की हत्या बाद लॉरेंस गैंग उसे ही खत्म करना चाहता था, जबकि भट्टी ने उसे देश से निकलने में मदद की। एजेंसियों का दावा है कि भट्टी को आईएसआई भारत में गैंगस्टरों के बीच अपना नेटवर्क फैलाने के लिए इस्तेमाल कर रही है। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को धमकी देने से लेकर कई गैंगों में दखल देने तक, भट्टी लगातार अपना असर बढ़ाने की कोशिश में है और यही वजह है कि बिश्नोई गैंग के साथ उसका संघर्ष अब और तेज हो गया है।