
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम ने वो नजारा देखा जिसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी. भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा हाई-वोल्टेज रहती है, लेकिन इस बार टीम इंडिया के दो धाकड़ ओपनरों ने मैच को एकतरफा बना दिया. अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने शुरुआत से ही पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मैदान में चौके-छक्कों की बरसात कर दी. पाकिस्तान के गेंदबाज जहां विकेट लेने का सपना देख रहे थे, वहीं भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत में ही उनका घमंड तोड़कर रख दिया. बता दें इस मैच में शुरुआत की कहानी ही अलग थी.
शाहीन अफरीदी के लिए अशुभ दिन
शाहीन अफरीदी गेंद लेकर आए और सोचा कि पहले ओवर में विकेट झटकेंगे लेकिन सामने अभिषेक शर्मा खड़े थे. शाहीन ने पहली गेंद बाउंसर फेंकी और अभिषेक ने उसी पर पुल शॉट खेलते हुए गेंद को फाइन लेग के ऊपर से गगनचुंबी छक्के में तब्दील कर दिया. पहली ही गेंद पर छक्का और पाकिस्तान की हालत वहीं से पस्त हो गई. शाहीन ने गुस्से में आंखें तरेरीं, लेकिन अभिषेक ने पलटकर जवाब दिया जा बे, बॉल डाल. इसके बाद तो उनका बल्ला आग उगलने लगा. अभिषेक ने महज 39 गेंदों पर 74 रन जड़े, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. दूसरी ओर शुभमन गिल भी किसी से पीछे नहीं रहे. शाहीन के अगले ओवर में गिल ने चौथी और छठी गेंद पर लगातार चौके जड़े और इसके बाद अफरीदी की तरफ उसी अंदाज में इशारा किया जैसा 1996 में आमिर सोहेल ने किया था. फर्क बस इतना था कि इस बार कहानी पलट चुकी थी. गिल ने सिर्फ जवाब नहीं दिया बल्कि पाकिस्तानी गेंदबाजों का घमंड चूर-चूर कर दिया. उन्होंने अपनी इस पारी में महज 28 गेंदों पर 47 रन ठोक दिए. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पावरप्ले में ही स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया और पाकिस्तान के गेंदबाज रहम की भीख मांगते नजर आने लगे.
इसे भी पढ़ें : Sahibzada की हरकत पर भड़का हिंदुस्तान, एक तस्वीर पर कटा भयंकर बवाल, क्रिकेट जगत में छिड़ी बहस
अभिषेक शर्मा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस दौरान अभिषेक शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी बना डाला. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में 50 छक्के पूरे कर लिए. महज 331 गेंदों में ये कारनामा कर उन्होंने वेस्टइंडीज के एविन लुईस और भारत के सूर्यकुमार यादव दोनों को पीछे छोड़ दिया. ये रिकॉर्ड और उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने साफ कर दिया कि मौजूदा वक्त में वो दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाज हैं. गिल और अभिषेक का यह तूफान पाकिस्तान पर इतना भारी पड़ा कि दुबई का मैदान भारतीय फैंस की दहाड़ से गूंज उठा और पाकिस्तान की टीम बेइज्जती लेकर मैदान से बाहर निकली.