
पाकिस्तान के क्वेटा में सेना के हेडक्वार्टर के पास बड़ा बम धमाका हुआ है। धमाके के बाद वहां फायरिंग की जानकारी भी मिली। बम धमाके में करीब 10 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, अशांत बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को एक शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 10 लोग की मौत हो गई। इस दौरान 4 आतंकी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा, कई अन्य लोग घायल हो गए।
धमाके का सीसीटीवी भी सामने आया
यह बम विस्फोट क्वेटा के फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (एफसी) मुख्यालय के पास एक व्यस्त सड़क पर हुआ। सोशल मीडिया पर धमाके का सीसीटीवी भी सामने आया है। इस दौरान सड़क पर भीषण धमाके की घटना देखी जा सकती है। स्वास्थ्य सचिव मुजीबुर रहमान के हवाले से मीडिया ने बताया कि बलूचिस्तान स्वास्थ्य विभाग ने शहर भर के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया। रहमान के अनुसार, सभी सलाहकारों, डॉक्टरों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को अस्पतालों में मौजूद रहने का निर्देश दिया।
आपातकालीन विभाग और ट्रॉमा सेंटर लाया गया
विस्फोट में घायल हुए 19 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बलूचिस्तान के सीएम मीर सरफराज बुगती ने क्वेटा धमाके की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि घटना के बाद, सुरक्षा बलों ने तुरंत ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आतंकवादियों को मार गिराया। आतंकवादी कायराना हरकतों से देश का मनोबल नहीं गिरा सकते। जनता और सुरक्षा एजेंसियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हम बलूचिस्तान को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।