हांगकांग सिक्सेस मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाज का अनोखा कारनामा देखने को मिला है. शुक्रवार को कुवैत के खिलाफ खेलते हुए पाकिस्तानी बल्लेबाज अब्बास अफरीदी ने एक ओवर में ही ऐसा कमाल किया कि देखने वाले देखते रह गए. दरअसल दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने यासीन पटेल के एक ही ओवर में रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 6 छक्के जड़ दिए. 6 ओवर प्रति टीम के इस टूर्नामेंट में कुवैत के खिलाफ 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अब्बास ने मैदान पर 12 गेंदों में 55 रन बनाए. कुवैत के खिलाफ 123 रन देने के बाद पाकिस्तान मैच की आखिरी गेंद पर ही लक्ष्य तक पहुंच सका.
24 टी20 मैच में बनाए 134 रन
24 साल के अब्बास ने इस मैच से पहले जुलाई 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेला था. उसके बाद से उन्हें कोई मौका नहीं मिला. बता दें कि उन्होंने उसी साल जनवरी में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ राष्ट्रीय टीम में पदार्पण किया था. उनकी 12 गेंदों में 55 रनों की पारी निश्चित रूप से अब चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का काम करेगी. बता दें कि अब्बास ने अपने पदार्पण के बाद से कुल 24 टी20 मैच खेले हैं और 12.18 की औसत और 112.61 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ़ 134 रन बनाए हैं.
क्या है हांगकांग सिक्सेस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट
हांगकांग सिक्सेस एक तेज़-तर्रार फॉर्मेट का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट है. जिसमें 6 ओवर के ही मैच होते हैं. 1992 में पहली बार आयोजित और ICC द्वारा अनुमोदित ये टूर्नामेंट मनोरंजन के लिए डिज़ाइन किया गया है. इस टूर्नामेंट में हर मैच लगभग 45 मिनट का होता है. इस फॉर्मेट में विकेटकीपर को छोड़कर सभी खिलाड़ियों को एक ओवर गेंदबाजी करनी होती है. इस सीज़न में टूर्नामेंट में 9 टीमें शामिल हुई हैं, जिन्हें तीन-तीन के तीन समूहों में बांटा गया है. अब नॉकआउट राउंड खेले जा रहे हैं.
आज इंडिया-पाकिस्तान का मैच
टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच भी आज क्रिकेट मैच खेला जाएगा. हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में दोनों टीमें आज आमने-सामने होने वाली हैं. जहां एक ओर टीम इंडिया की कमान दिनेश कार्तिक संभाल रहे हैं वहीं दूसरी तरफ अब्बास अफरीदी पाकिस्तान की अगुवाई कर रहे हैं.