.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D39bbc71d-1987-41c4-9324-dbb948b690cc&w=3840&q=75)
Pakistan Again On Alert: उत्तरी भारत में लगातार हो रही भारी बारिश से नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसी को देखते हुए भारत ने बुधवार को पाकिस्तान को तवी नदी में बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बारिश के चलते कुछ बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का बहाव और तेज हो सकता है। यह तीसरा मौका है जब भारत ने तीन दिनों के भीतर पाकिस्तान को चेतावनी भेजी है। मंत्रालय ने साफ किया कि यह कदम पूरी तरह मानवीय आधार पर उठाया गया है।
सिंधु जल समझौते के बाद भी जारी अलर्ट
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल समझौते को रद्द कर दिया था और पाकिस्तान जाने वाले पानी को रोक दिया था। इसके बावजूद, जान-माल की हानि से बचाने के लिए भारत लगातार पड़ोसी देश को बाढ़ संबंधी अलर्ट जारी कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को पहला अलर्ट भेजा गया था, जबकि मंगलवार और बुधवार को भी पाकिस्तान को स्थिति से अवगत कराया गया। भारत का कहना है कि सीमा पार आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह जानकारी साझा की जा रही है।
नदियों का बढ़ा जलस्तर और प्रशासन की चुनौती
जम्मू और पंजाब सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। तवी नदी के अलावा सतलुज, व्यास और रावी समेत कई नदियां उफान पर हैं। जलस्तर इतना बढ़ गया है कि प्रशासन के पास बांधों के गेट खोलने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का निर्णय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही लिया जा रहा है। वहीं, स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि आपदा की स्थिति से निपटा जा सके।