Pakistan's airstrike : पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर एक बार फिर एयरस्ट्राइक की है। यह कार्रवाई पक्तिका प्रांत के बरमल क्षेत्र सहित गनी खेलो और गरदा सामिया जिलों में की गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार हमले रिहायशी इलाकों में हुए, जिनमें 17 नागरिकों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि हवाई हमलों का निशाना आम नागरिक नहीं, बल्कि आतंकी कैंप थे। इस्लामाबाद के मुताबिक, सात ठिकानों को निशाना बनाया गया जो Tehrik-i-Taliban Pakistan (टीटीपी) और Islamic State – Khorasan Province से जुड़े तत्वों के थे। पाकिस्तान टीटीपी को “फितना अल खवारिज” कहकर संबोधित करता है।
आत्मघाती हमलों के जवाब में कार्रवाई
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि यह एयरस्ट्राइक हाल में हुए आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई। इन घटनाओं में इस्लामाबाद की एक इमाम बारगाह, बाजौर और बन्नू में हुए विस्फोट शामिल बताए गए हैं। सरकार का दावा है कि रमजान के दौरान हुए इन हमलों के बाद सटीक और सीमित सैन्य कार्रवाई की गई।
मदरसा तबाह, कई इलाकों में हमले
रिपोर्टों के अनुसार, पक्तिका के बरमल जिले में एक मदरसा पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा उरगुन, नंगरहार के खोगयानी, बेहसूद और गनी खेल इलाकों में भी हवाई हमलों की खबर है। स्थानीय स्तर पर नुकसान के आकलन की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।
बढ़ा क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय सवाल
पाकिस्तान जहां इसे आतंकवाद के खिलाफ जरूरी कदम बता रहा है, वहीं नागरिक हताहतों के दावों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। साथ ही, क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी संगठनों और उनकी मौजूदगी को लेकर पाकिस्तान स्वयं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच और आलोचना का सामना करता रहा है, जिससे यह मुद्दा और संवेदनशील हो गया है।