अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने पुष्टि की है कि पाकिस्तानी सैन्य बलों की ओर से अफगानिस्तान के नंगरहार और पक्तिका प्रांतों में किए हवाई हमलों में 13 नागरिकों की मौत हो गई। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यूएनएएमए के हवाले से मंगलवार को ये खबर प्रकाशित की।
13 अफगान नागरिक मारे गए
अफगानिस्तान की प्रमुख न्यूज एजेंसी खामा प्रेस ने यूएनएएमए की एक रिपोर्ट के हवाले से खुलासा किया कि हालिया हवाई हमलों में 13 अफगान नागरिक मारे गए हैं, जबकि सात घायल हो गए थे। ये हमले नंगरहार के बेहसूद और खोगियानी जिलों में 21-22 फरवरी की दरमियानी रात किए गए थे।
नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील
पक्तिका के बरमल में एक स्कूल और मस्जिद को निशाना बनाया गया था, जबकि ओर्गुन जिले में एक घर पर एयर स्ट्राइक की गई थी। यूएनएएमए ने पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की निंदा करते हुए सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही, इस मामले में पारदर्शी जांच की भी मांग उठाई है और जोर दिया है कि घटनास्थल में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की सिफारिश की जाए।
रिहायशी इलाकों में जानलेवा एयरस्ट्राइक
हाल के महीनों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। 22 फरवरी को, अफगानिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तानी मिलिट्री शासन पर नंगरहार और पक्तिका प्रांतों के अलग-अलग रिहायशी इलाकों में जानलेवा एयरस्ट्राइक करने का आरोप लगाया, जिससे कई आम लोगों की मौत हो गई। मिनिस्ट्री के मुताबिक, इन हमलों में एक मदरसा और कई रिहायशी घरों को निशाना बनाया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी तादाद में आम लोग मारे गए और घायल हुए।
ये भी पढ़ें: 10 करोड़ दो वरना अंजाम भुगतो! एमपी के कारोबारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी