पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए 15 आतंकवादियों को मार गिराया है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग इलाकों में की गई। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तुरंत इंटेलिजेंस बेस्ड ऑपरेशन शुरू किए गए।
हरनाई जिले में पहला बड़ा ऑपरेशन
सेना के अनुसार पहला ऑपरेशन बलूचिस्तान के हरनाई जिले में चलाया गया। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में आतंकियों के ठिकाने को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान सैनिकों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 12 आतंकवादियों को मार गिराया। ऑपरेशन के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।
ये भी पढ़ें : नई अमीरों की सूची ने बदल दी तस्वीर, Ambani फिर बने एशिया के सबसे अमीर शख्स, Adani की संपत्ति में गिरावट के बाद सामने आई भारत के टॉप धनकुबेरों की लिस्ट
आतंकियों के ठिकाने पर किया गया सटीक हमला
सेना ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान सैनिकों ने जिस ठिकाने को निशाना बनाया, उसे ‘खवारिज’ का ठिकाना बताया गया। कड़ी मुठभेड़ के बाद आतंकियों को ढेर कर दिया गया। सुरक्षा बलों का कहना है कि इलाके में आगे भी तलाशी अभियान जारी रखा गया ताकि किसी अन्य छिपे हुए आतंकी को भी पकड़ा जा सके।
बसीमा जिले में दूसरे ऑपरेशन में तीन आतंकी मारे गए
इसके अलावा बलूचिस्तान के बसीमा जिले में भी खुफिया जानकारी के आधार पर दूसरा ऑपरेशन चलाया गया। यहां सुरक्षा बलों ने आतंकियों की मौजूदगी को ट्रैक किया और उन्हें घेरकर कार्रवाई शुरू की। दोनों पक्षों के बीच जोरदार गोलीबारी हुई, जिसके बाद तीन आतंकवादी मारे गए। इस ऑपरेशन के दौरान भी हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए।
बलूचिस्तान में लंबे समय से सक्रिय हैं आतंकी संगठन
बलूचिस्तान लंबे समय से आतंकी गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। यहां सक्रिय संगठन अक्सर सुरक्षा बलों और सरकारी ढांचे को निशाना बनाते रहते हैं। पाकिस्तान सरकार इन हमलों के लिए बलूच लिबरेशन आर्मी और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराती है। सरकार ने 2024 में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को “फितना अल-खवारिज” के नाम से भी सूचीबद्ध किया था।