पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। बोर्ड ने टेस्ट टीम के हेड कोच अजहर महमूद को उनका कॉन्ट्रैक्ट पूरा होने से पहले ही पद से हटा दिया है। अजहर महमूद का अनुबंध मार्च तक था, लेकिन बोर्ड ने लगभग तीन महीने पहले ही यह फैसला ले लिया। बोर्ड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान का अगला टेस्ट दौरा मार्च 2026 से शुरू होना है, ऐसे में बोर्ड नए कोच के साथ आगे की योजना पर काम करना चाहता है। इसी कारण यह फैसला समय से पहले लिया गया।
2024 में मिली थी जिम्मेदारी
अजहर महमूद को साल 2024 में पाकिस्तान टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया गया था। उनके साथ पीसीबी ने दो साल का करार किया था। पूर्व खिलाड़ी होने के कारण उनसे टीम को स्थिरता देने की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि अब बोर्ड ने संकेत दे दिए हैं कि वह टेस्ट टीम के लिए नया कोच तलाश रहा है। सूत्रों का कहना है कि सिर्फ हेड कोच ही नहीं, बल्कि सहायक कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हो सकता है। पीसीबी आने वाले कठिन विदेशी दौरों को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी करना चाहता है।
2026 का टेस्ट शेड्यूल
साल 2026 पाकिस्तान की टेस्ट टीम के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। मार्च में पाकिस्तान को बांग्लादेश का दौरा करना है। इसके बाद जुलाई में टीम वेस्टइंडीज जाएगी। अगस्त और सितंबर में पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा तय है, जिसे सबसे चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। नवंबर और दिसंबर में पाकिस्तान श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलेगा। वहीं मार्च 2027 में न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान आएगी। इतने व्यस्त और कठिन कार्यक्रम को देखते हुए पीसीबी एक मजबूत और स्पष्ट रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहता है।
इसे भी पढ़ें : Khaleda Zia के निधन से Bangladesh में शोक, BPL के दोनों मुकाबले रद्द, नया शेड्यूल कब आएगा
अजहर महमूद का क्रिकेट सफर
अजहर महमूद पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 21 टेस्ट और 143 वनडे मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 900 रन बनाए और 39 विकेट भी लिए। वनडे में उनके नाम 1521 रन और 123 विकेट दर्ज हैं। अजहर महमूद ने 2012 से 2015 के बीच आईपीएल भी खेला, जहां उन्होंने पंजाब और कोलकाता की टीमों का प्रतिनिधित्व किया। आईपीएल के 23 मैचों में उन्होंने 388 रन और 29 विकेट हासिल किए। अब उनके हटने के बाद नजरें इस पर टिकी हैं कि पाकिस्तान टेस्ट टीम की कमान आगे किसे सौंपी जाती है।