
Asia Cup 2025, IND vs PAK: एशिया कप 2025 में हैंडशेक का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यह मामला अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल तक पहुंच चुका है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने धमकी दी है कि अगर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को उनके पद से नहीं हटाया तो पाकिस्तान एशिया कप 2025 के अपने अगले मैच का बहिष्कार करेगा।
हैंडशेक न करने पर मचा बवाल
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पीसीबी का आरोप है कि पाइक्रॉफ्ट ने रविवार को हुए मैच के दौरान मामले को ठीक से नहीं संभाला। भारतीय खिलाड़ियों की ओर से हैंडशेक न करने की घटना पर किसी तरह का ठोस कदम नहीं उठाया। पीसीबी का आरोप है कि पाइक्रॉफ्ट ने उनके कप्तान सलमान आगा को टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ न मिलाने को कहा था। बोर्ड का आरोप है कि रेफरी भारतीय खिलाड़ियों को खेल भावना और खेल की मर्यादा के खिलाफ आचरण करने से रोकने में नाकाम रहा हे।
मैच रेफरी के पद से हटाने की मांग की
एक अन्य रिपोर्ट के तहत पीसीबी ने आईसीसी को लिखे पत्र में पाइक्रॉफ्ट को मैच रेफरी के पद से हटाने की मांग की है। पीसीबी ने मैच रेफरी पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ आईसीसी और एशियाई क्रिकेट परिषद में कड़ा विरोध दर्ज कराया। रिपोर्ट में कहा गया, "पाकिस्तान ने पत्र में धमकी दी है कि अगर पाइक्रॉफ्ट को पद से नहीं हटाया गया तो वह अगले मैच का बहिष्कार करेंगे।" इस पत्र में पूछा गया, "मैच रेफरी एक कप्तान को दूसरे कप्तान से हाथ न मिलाने को लेकर कैसे कह सकता है?"