पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट में एक अर्जी दी है। उन्होंने शौकत खानम अस्पताल में अगले तीन दिनों में अपने मेडिकल टेस्ट और जांच कराने की इजाजत मांगी है। स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अदालत से अनुरोध किया
खान ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के जरिए कोर्ट में याचिका दाखिल की है, जिसमें अदालत से अनुरोध किया गया है कि इमरान खान के लिए शौकत खानम अस्पताल में हर महीने मेडिकल चेक-अप और टेस्ट का आदेश दिया जाए।
पूरी जांच का आदेश दिया जाए
पाकिस्तान के जाने माने मीडिया हाउस द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें कोर्ट से यह भी आग्रह किया गया है कि इमरान खान की मेडिकल हिस्ट्री और वर्तमान सेहत को देखते हुए मेडिकल टीमों को उनकी पूरी जांच का आदेश दिया जाए।
राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा
याचिका में, इमरान खान ने आग्रह किया है कि मेडिकल रिपोर्ट की एक कॉपी उनके परिवार को दी जाए और इसे कोर्ट में पेश किया जाए। याचिका में कहा गया है कि इमरान खान को कुछ सेहत संबंधी समस्याएं हैं और सरकार के कहने पर उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है।
असीम मुनीर को मानसिक रूप से बीमार बताया
बुधवार को, इमरान खान ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर को मानसिक रूप से बीमार बताया था और उन पर देश के संविधान को खत्म करने का आरोप लगाया था।
एक्स पर शेयर किए गए एक बयान में, इमरान खान ने कहा, असीम मुनीर एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति है जिनके नैतिक पतन ने पाकिस्तान में संविधान और कानून को पूरी तरह से खत्म कर दिया है और किसी भी पाकिस्तानी के बुनियादी मानवाधिकार अब सुरक्षित नहीं हैं।
झूठे आरोपों में जेल में डाल दिया गया
मेरी पत्नी और मुझे असीम मुनीर के आदेश पर झूठे आरोपों में जेल में डाल दिया गया और हमें बहुत गंभीर मानसिक यातना दी जा रही है। मुझे पूरी तरह से एक सेल में बंद कर दिया गया है और मैं अग-थललग पड़ा हूं। मैं चार हफ्तों से किसी भी इंसान से नहीं मिला हूं और मुझे बाहरी दुनिया से पूरी तरह अनजान रखा गया है, यहां तक कि जेल मैनुअल के अनुसार हमारी बुनियादी जरूरतें भी खत्म कर दी गई हैं।