टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान सरकार के एक फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। पाकिस्तान ने साफ कहा कि वह टूर्नामेंट में खेलेगा, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगा। इस फैसले के बाद फैंस और ब्रॉडकास्टर्स की नजरें आईसीसी पर टिक गई हैं। भारत पाकिस्तान मैच को क्रिकेट की सबसे बड़ी टक्कर माना जाता है और इससे करोड़ों का रेवेन्यू जुड़ा होता है। ऐसे में इस मुकाबले के नहीं होने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है।
आईसीसी पर बढ़ा दबाव, पीसीबी पर एक्शन की आशंका
भारत पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ खेल नहीं बल्कि ग्लोबल इवेंट होता है। इस मैच से आईसीसी और प्रसारणकर्ताओं को भारी कमाई होती है। अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है तो आईसीसी के लिए सख्त कदम उठाना लगभग तय माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि चुनिंदा मैच खेलने का फैसला आईसीसी के नियमों के खिलाफ है। यही वजह है कि पीसीबी पर जुर्माना, अंक कटौती या अन्य प्रतिबंधों की चर्चा तेज हो गई है।
बांग्लादेश समर्थन नहीं चुनावी मजबूरी?
अब इस पूरे मामले में एक नया एंगल सामने आया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान का यह फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के समर्थन में नहीं, बल्कि बांग्लादेश में होने वाले आम चुनाव से जुड़ा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 12 फरवरी को बांग्लादेश में चुनाव होने हैं और उसके बाद पाकिस्तान सरकार अपने फैसले पर यू टर्न ले सकती है। माना जा रहा है कि चुनावी माहौल को देखते हुए यह फैसला फिलहाल राजनीतिक संदेश देने के लिए लिया गया है।
मोहसिन नकवी पर उठे सवाल
सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी एक क्रिकेट प्रशासक से ज्यादा राजनीतिक नेता की तरह फैसले ले रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उन्हें राष्ट्रीय टीम के हितों से ज्यादा राजनीतिक लाभ की चिंता है। सूत्रों का कहना है कि भारत के खिलाफ मैच से पहले दो दिन का वक्त रहेगा और हालात तेजी से बदल सकते हैं। अगर फैसला नहीं बदला गया तो पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग थलग पड़ने का खतरा है।
इसे भी पढ़ें : World Cup से पहले Ishan Kishan का तूफान, 32 रैंक की छलांग से मचा हड़कंप, पूरी दुनिया देख रही बिहार के लाल की ताकत
आईसीसी का सख्त संदेश, निष्पक्षता पर सवाल
आईसीसी ने इस पूरे मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। संस्था ने कहा कि किसी एक मैच का बहिष्कार ग्लोबल टूर्नामेंट की निष्पक्षता को कमजोर करता है। आईसीसी ने साफ किया कि वह पीसीबी से आधिकारिक जवाब का इंतजार कर रही है, लेकिन सभी टीमों से समान शर्तों पर खेलने की उम्मीद की जाती है। यह बयान पाकिस्तान सरकार के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया है, जिसमें भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही गई थी।
आगे क्या बदलेगा पाकिस्तान का रुख
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पाकिस्तान सच में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा या बांग्लादेश चुनाव के बाद फैसला बदल जाएगा। पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए के साथ है और उसके सभी मैच श्रीलंका में होने हैं। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा। ऐसे में क्रिकेट फैंस को इंतजार है कि क्या राजनीति के दबाव में लिया गया फैसला आखिरकार बदलेगा या आईसीसी सख्त कार्रवाई करेगा।