पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने लाहौर में आंदोलन करने का ऐलान किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआई ने शुक्रवार को घोषणा की है कि वह लाहौर में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के नेतृत्व में लिबर्टी राउंडअबाउट पर आंदोलन शुरू करेगी।
खैबर पख्तूनख्वा में एक बड़ा विरोध आंदोलन होगा
आपको बता दें कि पीटीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पहले ही ऐलान कर दिया था कि वह पाकिस्तान में बड़ा आंदोलन करेगी। पीटीआई ने यह ऐलान तोशाखाना-2 केस में कोर्ट के फैसले के बाद लिया था। पंजाब की मुख्य आयोजक आलिया हमजा मलिक ने कहा कि पीटीआई के संस्थापक इमरान खान द्वारा दिए गए निर्देशों के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में एक बड़ा विरोध आंदोलन होगा।
पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने लाहौर में पीटीआई के टिकट होल्डर्स, ऑफिस-बेयरर्स, वर्करों, और वकीलों को अफरीदी के स्वागत के लिए लिबर्टी राउंडअबाउट पर मौजूद रहने का आदेश दिया है।
आलिया हमजा मलिक ने पीटीआई सदस्यों से देश में संविधान, कानून और लोकतंत्र को फिर से बहाल करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इमरान खान की रिहाई के लिए लाहौर के मेन रास्ते को मार्च में बदलना एक ऐतिहासिक पल होगा।
भ्रष्टाचार मामले में अगस्त, 2023 से जेल में हैं
बता दें कि इमरान खान 190 मिलियन पाउंड के भ्रष्टाचार मामले में अगस्त, 2023 से जेल में हैं। वह रावलपिंडी की अदियाला जेल में 14 साल की जेल की सजा काट रहे हैं। इसके अलावा 9 मई, 2023 को हुए विरोध से जुड़े आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत पीटीआई चीफ पर ट्रायल चल रहा है। इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी भी इसी केस में सात साल की सजा काट रही हैं।