Pakistan Petrol Prices : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच पाकिस्तान ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। 8 सितंबर से लागू नई दरों के तहत पेट्रोल 3.72 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल 12.90 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 358.77 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल 381.77 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
कच्चे तेल की तेजी बनी चिंता
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर भी दिख रहा है। ब्रेंट क्रूड 97 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 93 डॉलर के करीब कारोबार कर रहा है। ऐसे में तेल आयात पर निर्भर देशों की चिंता बढ़ गई है और ईंधन कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
भारत में फिलहाल स्थिर हैं दाम
वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल कंपनियों ने प्रमुख शहरों में पुराने ही भाव बरकरार रखे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली हुई है।
ये भी पढ़ें : तांबे की इस तेजी ने बढ़ाई हलचल, क्या आगे और महंगा होगा बाजार का सबसे जरूरी धातु?
प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमत
दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये, मुंबई में 111.21 रुपये, कोलकाता में 113.51 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं लखनऊ में 101.86 रुपये, पटना में 113.37 रुपये और हैदराबाद में 116.15 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत दर्ज की गई है।
डीजल के ताजा भाव
दिल्ली में डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में इसकी कीमत 97.83 रुपये, कोलकाता में 99.82 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है। हैदराबाद में डीजल 104.23 रुपये प्रति लीटर के साथ प्रमुख शहरों में सबसे महंगा बना हुआ है।
पाकिस्तान ने बदला मूल्य निर्धारण सिस्टम
पाकिस्तान सरकार ने जुलाई में नया ईंधन मूल्य निर्धारण तंत्र लागू किया था। इसके तहत अब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की समीक्षा रोजाना की जाती है। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बदलते हालात और तेल आपूर्ति से जुड़ी अनिश्चितताओं को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में और बढ़ोतरी होने पर पाकिस्तान में महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है।