
भारत की महिला क्रिकेट टीम पहली बार दक्षिण अफ्रीका को हराकर वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन बन गई है. इस मैच ने भारत ने 299 रनों का लक्ष्य रखा और दक्षिण अफ्रीकी टीम को 45.3 ओवरों में 246 रन पर ऑलआउट करके 52 रनों से जीत हासिल कर.इस जीत के बाद से ही बधाइयों का तांता लग गया. देश के प्रधानमंत्री से लेकर खेल जगत के दिग्गजों तक ने टीम को बधाइयां दीं, वहीं अब ये सिलसिला पाकिस्तान जा पहुंचा है. जिसके बाद से वहां के दिग्गज पूर्व क्रिकेटरों ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ करने के साथ ही अपनी टीमों को भी नसीहत दे डाली है.
पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने कही ये बात
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने भारतीय महिला टीम को बधाई देते हुए कहा है कि "उन्होंने पूरी तरह खेल पर अपनी पकड़ बनाए रखी. बैटिंग हो, बॉलिंग हो या फिर फील्डिंग, उन्होंने तीनों क्षेत्रों में अपना वर्चस्व कायम कर रखा. चाहे वो पहले बैटिंग करें या फिर पहले फील्डिंग उन्होंने जीत हासिल कर ली है. ये टूर्नामेंट टीम इंडिया वर्सेज रेस्ट ऑफ वर्ल्ड था."
भारत की जीत कोई इत्तेफाक नहीं- शोएब
इसके अलावा दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि "मुझे लगता है कि भारत की जीत कोई इत्तेफाक नहीं है. उनके क्रिकेट सिस्टम को देखें तो उनकी तरक्की ऐसे ही नहीं है. यह उनकी वर्तमान हालत को साफ तौर पर दर्शाता है. बहुत बहुत मुबारक हो हिंदुस्तान को. आप बहुत अच्छा खेले. उनका बदलाव देखें, उनके कप्तान की नीयत देखें, उनके खेलने का अंदाज देखें." इसके साथ ही शोएब अख्तर ने टीम इंडिया की तरक्की और सफलता से पाकिस्तान को सीखने की नसीहत दी.
"कहीं ऐसा ना हो जाए कि पाक भी कभी क्रिकेट खेलता था"
शोएब ने आगे कहा, "एक वक्त था जब पाकिस्तान ऐसे खेलता था, मगर अब इंडिया खेल रहा है. आता है एक टाइम... जो देश नीचे जाते हैं वो ऊपर आते हैं लेकिन ऐसा ना हो जाए कि जैसे वेस्टइंडीज खत्म हो गई है. वैसे ही पाकिस्तान क्रिकेट भी खत्म हो जाए. मुझे बहुत दुख होता है कि हमारे साथ हॉकी और स्क्वॉश में ऐसा हो चुका है. वहां चीजें वापस पटरी पर नहीं लौट सकीं. अगर यही करते रहे हम, तो क्रिकेट भी कहीं ऐसा न हो जाए कि कभी हम क्रिकेट खेलने वाले देश हुआ करते थे, ऐसा कहा जाए. वहीं हमारा पड़ोसी देश ऊपर जा रहा है. इसके बारे में सोचने और हिंदुस्तान से सीखने की जरूरत है. मैं उन्हें बधाई देता हूं, उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है."
स्किल वर्क में पाकिस्तान कुछ खास पीछे नहीं- रमीज राजा
वहीं पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा कहते हैं, "ये दिन भारत का है, और यह टूर्नामेंट भी भारत का है. हमें उनसे सीखना चाहिए कि महानता की प्रक्रिया को विकसित किया जाता है, फिर जब वह चरम पर पहुंचती है तो उसमें कौन-कौन सी चीजें शामिल होती हैं? ये एक लंबी प्रक्रिया है, मगर ये किया जा सकता है. क्योंकि स्किल वर्क के मामले में पाकिस्तान कुछ खास पीछे नहीं है, मगर अमल में लाने और गेम की समझ भारत से जरूर सीखनी पड़ेगी."