
India showed its strength: भारत के थलसेना, नौसेना और वायुसेना का संयुक्त युद्धाभ्यास त्रिशूल इन दिनों चर्चा में है। यह अभ्यास ऐसे समय में किया जा रहा है जब पाकिस्तान में तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की गतिविधियां इस्लामाबाद तक पहुंच चुकी हैं। इस बीच, पाकिस्तान ने इस सैन्य अभ्यास पर चिंता जताई है। रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर (ISPR) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा, भारत को यह जान लेना चाहिए कि इस बार हमारा जवाब और भी मजबूत होगा।
पाकिस्तान की बढ़ी बेचैनी
लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने आरोप लगाया कि भारत अरब सागर में फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन (झूठे हमले का नाटक) की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के इस बड़े स्तर के युद्धाभ्यास पर करीबी नजर रख रहा है। वहीं भारतीय खुफिया सूत्रों ने पाकिस्तानी बयान को रणनीतिक अस्थिरता और घबराहट का संकेत बताया। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की राजनीतिक स्थिति पहले से ही रावलपिंडी के दबाव में अस्थिर है, और यह बयान सिर्फ घरेलू मोर्चे पर एकता दिखाने का प्रयास है।
त्रिशूल से तीनों सेनाओं की संयुक्त शक्ति का प्रदर्शन
भारत का त्रिशूल युद्धाभ्यास 3 नवंबर से शुरू हुआ है और 13 नवंबर तक चलेगा। यह थल, वायु और नौसेना की संयुक्त क्षमता को प्रदर्शित करने वाला बड़ा अभ्यास है, जो अरब सागर से आसमान तक फैला है। इसमें एकीकृत युद्ध, त्वरित तैनाती और समुद्री प्रभुत्व की रणनीतियों का अभ्यास किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि यह अभ्यास भारत की सैन्य तैयारियों को और मजबूत करेगा, जबकि पाकिस्तान की ओर से दिखाई जा रही बेचैनी उसकी आंतरिक अस्थिरता और सुरक्षा चिंताओं को उजागर करती है।