Amrud Palak Chatny : भारतीय खाने में चटनी का अपना अलग ही महत्व है. आमतौर पर घरों में धनिया, पुदीना, टमाटर या इमली की चटनी बनाई जाती है, लेकिन अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो पालक और अमरूद से बनी चटनी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इसका स्वाद हल्का खट्टा, मीठा और मसालेदार होता है, जो स्नैक्स के साथ काफी पसंद किया जा सकता है.
हलवाई ने तैयार की अनोखी चटनी
बताया जाता है कि एक हलवाई ने पहली बार पालक और अमरूद को मिलाकर यह चटनी तैयार की. अलग-अलग स्वाद वाली इन दोनों चीजों के मेल से बनी चटनी लोगों को इतनी पसंद आई कि यह चर्चा में आ गई। खास बात यह है कि इसे बनाना भी बहुत आसान है और इसके लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
चटनी बनाने के लिए सामग्री
पालक-अमरूद की चटनी बनाने के लिए ताजा पालक, पका हुआ अमरूद, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, नींबू का रस और स्वादानुसार नमक लें. चटनी को चटपटा बनाने के लिए थोड़ा भुना जीरा और काली मिर्च भी डाली जा सकती है। अमरूद की मिठास के कारण इसमें अलग से ज्यादा चीनी डालने की जरूरत नहीं होती.
ऐसे तैयार करें चटनी
सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर कुछ देर के लिए पानी में रखें और फिर उसका पानी निकाल दें. अमरूद को धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब पालक, अमरूद, हरी मिर्च, अदरक, धनिया और मसालों को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं। आखिर में नींबू का रस डालकर चटनी को अच्छी तरह मिला लें.
समोसे-कचोरी के साथ करें सर्व
यह चटनी समोसा, कचोरी, पकौड़े और दूसरे स्नैक्स के साथ परोसी जा सकती है. इतना ही नहीं, इसे रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ भी खाया जा सकता है। अगर आप रोज की धनिया-पुदीना चटनी से कुछ अलग स्वाद चाहते हैं, तो पालक-अमरूद की यह चटनी जरूर ट्राई कर सकते हैं.