Palak Matar Sabzi Recipe : अगर आप रोजाना एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं, तो पालक और हरे मटर से बनी रसवाली सब्जी ट्राई कर सकते हैं. पालक का स्वाद और मटर की हल्की मिठास इस सब्जी को खास बनाती है. इसे रोटी, पराठे या गरमा-गरम चावल के साथ परोसा जा सकता है. इसे बनाने के लिए घर में आसानी से मिलने वाली सामग्री की जरूरत होती है. आइए जानते हैं पालक-मटर की स्वादिष्ट रसवाली सब्जी बनाने का आसान तरीका.
पालक-मटर की सब्जी बनाने के लिए सामग्री
इस रेसिपी के लिए दो कप बारीक कटा पालक, एक कप हरे मटर, दो मध्यम आकार के टमाटर, एक बारीक कटा प्याज, एक चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक हरी मिर्च, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच हल्दी, एक चम्मच धनिया पाउडर, स्वादानुसार नमक और जरूरत के अनुसार तेल लें. सब्जी में रस बनाने के लिए पानी की जरूरत होगी.
सबसे पहले तैयार करें पालक और मटर
पालक को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें। मटर छीलकर अलग रख लें. अगर आप फ्रोजन मटर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उन्हें भी धो लें. टमाटर और प्याज को बारीक काट लें, ताकि मसाला आसानी से तैयार हो सके.
ऐसे तैयार करें मसाला
एक कड़ाही में तेल गर्म करें और जीरा डालें. जीरा चटकने लगे, तो प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। इसके बाद टमाटर, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक मिलाकर मसाले को अच्छी तरह पकाएं। जब टमाटर नरम हो जाएं और मसाला तेल छोड़ने लगे, तो अगला चरण शुरू करें.
पालक और मटर डालकर पकाएं
अब कड़ाही में हरे मटर डालकर कुछ मिनट भूनें. इसके बाद कटा हुआ पालक डालें और अच्छी तरह मिला लें. जरूरत के अनुसार पानी डालकर कड़ाही को ढक दें। मध्यम आंच पर लगभग 10 से 15 मिनट तक पकाएं, जब तक मटर नरम न हो जाएं. बीच-बीच में सब्जी चलाते रहें। ग्रेवी पतली या गाढ़ी अपनी पसंद के अनुसार रख सकते हैं.
रोटी और चावल के साथ करें सर्व
जब पालक और मटर अच्छी तरह पक जाएं, तो गैस बंद कर दें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा गरम मसाला और हरा धनिया डाल सकते हैं. तैयार रसवाली पालक-मटर की सब्जी को गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें। रोज के खाने में स्वाद और विविधता लाने के लिए यह एक आसान विकल्प है.