सिंगर और फिल्म डायरेक्टर पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। पहले उन पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को धोखा देने के आरोप लगे थे और अब उनके खिलाफ 40 लाख रुपये के फ्रॉड का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पलाश ने फिल्म में निवेश के नाम पर पैसा लिया, लेकिन न तो फिल्म बनी और न ही पैसे वापस किए गए। इस नए मामले ने पलाश की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
कैसे शुरू हुआ 40 लाख का मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांगली निवासी विद्यान माने ने पलाश मुच्छल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दिसंबर 2023 में स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना ने विद्यान की मुलाकात पलाश से करवाई थी। विद्यान और स्मृति अच्छे दोस्त बताए जाते हैं। इसी मुलाकात के बाद फिल्म में निवेश को लेकर बातचीत शुरू हुई।
फिल्म में निवेश और मुनाफे का वादा
आरोप है कि पलाश मुच्छल ने विद्यान माने से अपनी फिल्म ‘नजरिया’ में निवेश करने की बात कही। कहा गया कि फिल्म के ओटीटी पर रिलीज होते ही निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलेगा। भरोसा करके विद्यान ने करीब 40 लाख रुपये फिल्म में लगा दिए। लेकिन समय बीतता गया, फिल्म न तो बन पाई और न ही रिलीज हुई। इसके बाद भी पलाश ने पैसे लौटाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
पैसे मांगने पर भी नहीं मिली रकम
विद्यान माने का कहना है कि जब फिल्म नहीं बनी तो उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा। कई महीनों तक इंतजार करने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। आखिरकार मजबूर होकर उन्होंने पुलिस का रुख किया। विद्यान ने पुलिस अधीक्षक को ऐसे दस्तावेज भी सौंपे हैं, जिनसे पैसे देने के दावे की पुष्टि होती है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup पर मंडराया Bangladesh का संकट, ICC से टकराव, सरकार के फैसले ने बढ़ाया बवाल !
स्मृति मंधाना से जुड़ा पुराना विवाद
इस विवाद से पहले पलाश मुच्छल का नाम स्मृति मंधाना के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में था। दोनों करीब 6 साल तक एक-दूसरे के साथ रहे थे। नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी और तय तारीख पर रस्में भी शुरू हो गई थीं। लेकिन अचानक शादी रुक गई। पहले वजह स्मृति के पिता की तबीयत बताई गई, फिर आधिकारिक बयान आया कि शादी नहीं होगी।
बढ़ती जांच और सवालों के घेरे में पलाश
अब जब फ्रॉड का आरोप सामने आया है, तो पलाश मुच्छल एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल इतना तय है कि एक के बाद एक विवाद सामने आने से पलाश की छवि को गहरा झटका लगा है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।