PAN Card Misuse : पैन कार्ड आज बैंक खाता खोलने, टैक्स से जुड़े काम और कई बड़े वित्तीय लेनदेन के लिए जरूरी है। लेकिन अगर किसी दूसरे व्यक्ति ने आपके पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर लिया, तो आपको बड़ी परेशानी हो सकती है। दिल्ली में एक कुक के साथ ऐसा ही मामला सामने आया। उनकी कमाई इतनी नहीं थी कि उन्हें इनकम टैक्स देना पड़े, लेकिन अचानक उनके नाम पर करोड़ों रुपये के कारोबार का रिकॉर्ड सामने आ गया। इसके बाद उन्हें करीब 4 करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस मिला।
कुक के नाम पर दर्ज हुए 24.62 करोड़ रुपये
रिपोर्ट के मुताबिक, होटल अशोका में ठेके पर काम करने वाले ललित को फरवरी 2024 में आयकर विभाग से नोटिस मिला था। इसमें उनके पैन कार्ड से जुड़ी एक कंपनी के 24.62 करोड़ रुपये के कथित नकद कारोबार का जिक्र था। यह कंपनी पैकेजिंग का सामान बेचने का काम करती थी। ललित ने कहा कि उनका इस कंपनी से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने इतना बड़ा कारोबार कभी नहीं किया। इसके बावजूद उनके नाम पर करीब 4 करोड़ रुपये के टैक्स और जुर्माने की मांग की गई।
दिल्ली हाई कोर्ट ने रद्द की टैक्स की मांग
मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचने के बाद अदालत ने 6 अक्टूबर 2026 को ललित के खिलाफ करीब 4 करोड़ रुपये की टैक्स मांग रद्द कर दी। अदालत ने पाया कि आयकर विभाग ने मुख्य रूप से टैक्स रिकॉर्ड और पोर्टल पर मौजूद जानकारी के आधार पर कार्रवाई की थी। ऐसा कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया, जिससे यह साबित हो सके कि कथित कारोबार ललित ने ही किया था। अदालत ने मामले में जरूरी जांच की कमी को भी ध्यान में रखा।
घर बैठे ऐसे जांचें अपने पैन का रिकॉर्ड
अगर आपको भी अपने पैन कार्ड के गलत इस्तेमाल का शक है, तो सबसे पहले आयकर विभाग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म 26एएस और वार्षिक सूचना विवरण (एआईएस) जांचें। इनमें ऐसे वित्तीय लेनदेन या टैक्स से जुड़ी जानकारी मिल सकती है, जिनका आपसे संबंध नहीं है। इसके अलावा जीएसटी पोर्टल पर अपने पैन से जुड़े पंजीकरण भी जांच सकते हैं। कोई अनजान लेनदेन या कारोबार दिखने पर उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखें और उसकी जांच कराएं।
इसे भी पढ़ें : क्रिकेट छोड़ अब संघ के कार्यक्रम में दिखे केदार जाधव, तस्वीरें वायरल
गलत इस्तेमाल का शक हो तो तुरंत करें शिकायत
पैन कार्ड से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि मिलने पर उसे नजरअंदाज न करें। संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां सुरक्षित रखें और जरूरत पड़ने पर पुलिस या साइबर अपराध विभाग में शिकायत दर्ज कराएं। आयकर विभाग को भी लिखित में बताएं कि विवादित लेनदेन आपका नहीं है। अगर टैक्स नोटिस मिला है, तो तय समय के भीतर उसका जवाब जरूर दें। जरूरत पड़ने पर टैक्स विशेषज्ञ या वकील की मदद लें। नियमित रूप से अपने टैक्स रिकॉर्ड की जांच करने से ऐसी गड़बड़ियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।