नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में हार्दिक पांड्या भारत के लिए सबसे बड़े गेमचेंजर साबित हुए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे पांड्या ने आते ही अफ्रीकी गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। चौके-छक्कों की बरसात करते हुए उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 63 रन ठोक दिए। खास बात यह रही कि पांड्या ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे तेज पचासा जड़ दिया। उनकी इस तूफानी पारी ने न सिर्फ स्टेडियम में बैठे फैंस को झुमा दिया, बल्कि अफ्रीकी खेमे में खलबली भी मचा दी। तिलक वर्मा की पारी ने स्कोर बनाया पहाड़ हार्दिक पांड्या के अलावा तिलक वर्मा की बल्लेबाजी भी भारत की जीत की बड़ी वजह बनी। तिलक ने जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए 42 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेली।
भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया
उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और पांड्या के साथ मिलकर भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। इन दोनों पारियों के दम पर टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह स्कोर इतना बड़ा था कि साउथ अफ्रीका की टीम पर दबाव साफ नजर आने लगा। वरुण की फिरकी में उलझे अफ्रीकी बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने शुरुआत में संघर्ष किया, लेकिन असली कहानी तब शुरू हुई जब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गेंद वरुण चक्रवर्ती के हाथ में सौंपी।
चार विकेट लेकर मैच की दिशा ही बदल दी
वरुण की फिरकी के सामने अफ्रीकी बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। उन्होंने चार विकेट लेकर मैच की दिशा ही बदल दी। हर ओवर में विकेट गिरने से अफ्रीकी टीम दबाव में आ गई। इस प्रदर्शन के साथ वरुण चक्रवर्ती इस कैलेंडर ईयर में 36 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए, जो उनकी निरंतरता को दिखाता है। बुमराह के वार और सीरीज पर भारत का कब्जा वरुण चक्रवर्ती के साथ जसप्रीत बुमराह ने भी अपनी तेज और सटीक गेंदबाजी से अफ्रीकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। बुमराह ने दो अहम विकेट निकालकर रनचेज को पूरी तरह मुश्किल बना दिया। आखिरकार साउथ अफ्रीका की टीम लक्ष्य से 30 रन दूर रह गई और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-1 से जीत ली। टेस्ट में जो हिसाब अधूरा रह गया था, उसका जवाब भारत ने टी20 में पूरे दमखम के साथ दे दिया और एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपनी ताकत का ऐलान कर दिया।