Bulandshahr News: अहार थाना क्षेत्र के गांव चांसी में तेंदुआ दिखाई देने के दावे के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बाहर स्थित एक नलकूप की छत पर तेंदुआ देखा गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वन विभाग की ओर से अभी तक तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कई गांवों में भी तेंदुए की गतिविधियों की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से आसपास के कई गांवों में भी तेंदुए की गतिविधियों की चर्चा है। इससे खेतों में जाने वाले किसानों और सुबह-शाम टहलने वाले लोगों में भय बना हुआ है। लोगों ने बच्चों को अकेले बाहर न निकलने की हिदायत दी है और रात के समय खेतों की ओर जाने से भी परहेज किया जा रहा है।
ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई
चार दिन बाद शुरू होने वाले कांवड़ मेले को देखते हुए ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। इस दौरान क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरेंगे और कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहेगी। ऐसे में ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल सर्च अभियान चलाकर तेंदुए की तलाश करने, आवश्यक होने पर उसे पकड़ने तथा कांवड़ मार्ग और आसपास के गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सतर्क निगरानी रखने की मांग उठ रही
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, प्रशासन से भी कांवड़ मेले के दौरान वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सतर्क निगरानी रखने की मांग उठ रही है।