Paras Hospital Murder:पटना के मशहूर पारस अस्पताल में गुरुवार सुबह एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई. पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े अस्पताल में घुसकर अपराधी चंदन की गोली मारकर हत्या कर दी. पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाश बिना किसी डर के अस्पताल में दाखिल होते हैं और वार्ड की ओर बढ़ते हैं, जहां चंदन भर्ती था. वार्ड में पहुंचते ही सभी एक-एक कर हथियार निकालते हैं और ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं.
CCTV में साफ दिखे चेहरे, वारदात फिल्मी अंदाज़ में अंजाम
वीडियो में सभी बदमाशों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं, जिससे पुलिस के लिए पहचान आसान हो सकती है. पांच में से चार बदमाशों ने टोपी पहन रखी थी, जबकि एक ने चेहरा नहीं ढका था। खास बात यह है कि वारदात को अंजाम देते समय किसी भी बदमाश के चेहरे पर डर या हड़बड़ाहट नहीं थी. वार्ड के बाहर ही हथियार निकालने के बाद वे आराम से गोलीबारी करते हैं और वारदात के बाद बिना किसी जल्दबाजी के मौके से फरार हो जाते हैं. यह सब कुछ देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी फिल्मी सीन को असलियत में दोहराया गया हो.
यह भी पढ़ेंःMurder of Mother Daughter:मां-बेटी की मौत से सनसनी, सुसाइड नोट में सामने आई घरेलू हैवानियत की कहानी
राजनीतिक हमला, विपक्ष ने सरकार को घेरा
घटना का वीडियो सामने आते ही विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस और इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए एनडीए सरकार को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि अब राजधानी पटना के अस्पताल भी सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं. वहीं वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार अब 'क्राइम कैपिटल' बन चुका है, जहां आम जनता डर के साए में जी रही है और सरकार मौन है.