Paris Hindu Temple : फ्रांस की राजधानी पेरिस के पास भारतीय संस्कृति और हिंदू परंपरा से जुड़ा एक बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। बूसी-सेंट-जॉर्जेस में बना बीएपीएस स्वामीनारायण हिंदू मंदिर सितंबर 2026 में श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने वाला है। मंदिर का उद्घाटन 2 से 14 सितंबर तक चलने वाले 13 दिवसीय ‘फेस्टिवल ऑफ कल्चर’ के दौरान किया जाएगा।
पेरिस के पास बना है भव्य मंदिर
यह मंदिर पेरिस से कुछ दूरी पर बूसी-सेंट-जॉर्जेस इलाके में बनाया गया है। बीएपीएस के अनुसार, यह फ्रांस का पहला पारंपरिक तरीके से बनाया गया हिंदू मंदिर है। मंदिर को पूजा, ध्यान, सीखने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
भारतीय शिल्पकला की दिखेगी झलक
मंदिर की सबसे खास बात इसकी पारंपरिक भारतीय वास्तुकला है। मंदिर में बारीकी से तराशे गए पत्थरों और भारतीय शिल्प परंपरा की झलक देखने को मिलती है। इसका निर्माण इस तरह किया गया है कि यहां आने वाले लोगों को भारत की कला और संस्कृति का अनुभव मिल सके।
13 दिन तक चलेगा संस्कृति का उत्सव
मंदिर के उद्घाटन के मौके पर 2 से 14 सितंबर तक 13 दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें हिंदू परंपराओं, भारतीय कला, संगीत और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे। आयोजकों के मुताबिक, यह आयोजन अलग-अलग देशों और समुदायों के लोगों को जोड़ने का भी मौका बनेगा।
सीन नदी पर भी दिखेगी भारतीय संस्कृति
उद्घाटन समारोह से जुड़े कार्यक्रमों में पेरिस की सीन नदी पर विशेष जल यात्रा भी शामिल है। 3 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा पेरिस में सांस्कृतिक यात्रा और झांकियों से जुड़े कार्यक्रम भी रखे गए हैं।
इसे भी पढ़ें : रसोई गैस का बदल सकता है तरीका, अब सिलेंडर की जगह घर तक पाइप से पहुंचेगी गैस
भारत और फ्रांस के सांस्कृतिक रिश्ते को मिलेगी नई पहचान
यह मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और फ्रांस के बीच जुड़ाव का एक नया केंद्र बनने की उम्मीद है। यहां आने वाले लोगों को हिंदू परंपराओं, भारतीय कला और जीवन मूल्यों को करीब से जानने का मौका मिलेगा। सितंबर में होने वाला उद्घाटन इस लिहाज से भारतीय समुदाय के साथ-साथ फ्रांस के लिए भी खास सांस्कृतिक अवसर माना जा रहा है।