Parliament LIVE: संसद के बजट सत्र के दौरान जारी हंगामे के बीच गुरुवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इससे पहले भारी शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित करनी पड़ी थी। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर सरकार ने प्रस्ताव पारित कराया। वहीं, शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना जवाब देने वाले हैं।
स्पीकर की नाराजगी
लोकसभा में हंगामे को लेकर अध्यक्ष ने सदन की मर्यादा पर चिंता जताई और इसे नियमों के खिलाफ बताया। बार-बार व्यवधान के कारण कार्यवाही प्रभावित होती रही। इसके बावजूद सरकार ने सदन की प्रक्रिया पूरी करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव को मंजूरी दिलाई।
राज्यसभा में टकराव
राज्यसभा में भी दिनभर माहौल गर्म रहा। विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष को बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। इस पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए कहा गया कि नियमों का पालन सभी के लिए जरूरी है। दोनों सदनों के बीच समन्वय को लेकर भी बहस देखने को मिली।
यह भी देखेःAI-Impact Summit: वैश्विक AI-Impact Summit में भारत की अगुवाई, UN प्रमुख ने जताया भरोसा
राजनीतिक माहौल गरम
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि वह सदन के अध्यक्ष के फैसले का सम्मान करते हैं और नियमों के दायरे में रहकर अपनी बात रखते हैं। उन्होंने विपक्ष पर संसदीय मर्यादाओं का पालन न करने का आरोप लगाया। उनके बयान के बाद सदन का माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
बयानबाजी तेज
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने विपक्षी नेता के बयान पर सवाल उठाते हुए भाषा और शब्दों के चयन को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच पर जिम्मेदार भाषा का प्रयोग होना चाहिए। इन बयानों के बीच अब सभी की नजरें शाम को होने वाले प्रधानमंत्री के राज्यसभा संबोधन पर टिकी हैं।