
Parliament Monsoon Session: संसद में मॉनसून सत्र के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा जारी रहने वाली है. मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा को संबोधित करेंगे. सोमवार को उन्होंने विपक्ष से वादा किया था कि वह हर सवाल का जवाब देंगे. वहीं पीएम नरेंद्र मोदी शाम के वक्त अपना भाषण दे सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर को 12 से 1 बजे के आसपाल लोकसभा को संबोधित करेंगे. आपको बता दें कि लोकसभा में सोमवार दोपहर 'पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में शुरू किए गए भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा हो रही है.
रक्षा मंत्री ने निचले सदन में दिया जवाब
बुधवार को बहस की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी. रक्षा मंत्री ने निचले सदन में बोला, "ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य सीमा पार करना या किसी क्षेत्र पर कब्जा करना नहीं था, बल्कि पाकिस्तान की ओर से वर्षों से पोषित आतंकवाद की नर्सरी को पूरी तरह से खत्म करना था. सीमा पार हमलों में अपने प्रियजनों को खोने वाले निर्दोष परिवारों को न्याय दिलाना था." रक्षामंत्री की ओर से जो बयान जारी किया गया, उसके मुताबिक पाकिस्तान की ओर से प्रायोजित आतंक वाद एक प्लानिंग के तहत था. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का कुल मिलाकर राजनीतिक और सैन्य उद्देश्य यही था कि पाकिस्तान को आतंकवाद के रूप में छेड़े गए युद्ध की सजा मिले.
सैन्य ताकत नहीं बल्कि राष्ट्रीय संकल्प
राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने सिर्फ अपनी सैन्य ताकत ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय संकल्प, नैतिकता और राजनीतिक समझदारी का भी प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा, "जो लोग आतंकवाद को शरण और समर्थन देते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. भारत किसी भी तरह के ब्लैकमेल या दबाव के आगे नहीं झुकेगा."